शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
बिहार

बिहार: दुर्गा पूजा से पहले बाढ़ पीड़ित किसानों को मिलेगी राहत, सरकार ने शुरू की मुआवजा देने की तैयारी

बिहार में बाढ़ से तबाह हुए किसानों के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार ने दुर्गा पूजा के त्योहार से पहले ही फसल क्षति का मुआवजा सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है। समाचार एजेंसी…

बिहार: दुर्गा पूजा से पहले बाढ़ पीड़ित किसानों को मिलेगी राहत, सरकार ने शुरू की मुआवजा देने की तैयारी
(फोटो: IANS)

बिहार में बाढ़ से तबाह हुए किसानों के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार ने दुर्गा पूजा के त्योहार से पहले ही फसल क्षति का मुआवजा सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि बाढ़ प्रभावित किसानों की मदद करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

विज्ञापन

शनिवार को गोपालगंज जिले के दौरे पर पहुंचे कृषि मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बाढ़ प्रभावित किसानों से सीधे मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित इलाकों में जल्द से जल्द क्षति का आकलन पूरा किया जाए। सिन्हा ने बताया कि राज्य के 18 जिलों में फसल नुकसान का आकलन पहले ही कराया जा चुका है और रिपोर्ट के आधार पर मुआवजा राशि देने की प्रक्रिया जारी है।

तटबंध टूटने की होगी जांच

गोपालगंज के बैकुंठपुर प्रखंड में शीतलपुर तटबंध टूटने के मामले पर भी मंत्री ने संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया, "जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।"

कई नदियों का जलस्तर अब भी खतरे के निशान से ऊपर

हालांकि शनिवार को कुछ जगहों पर नदियों के जलस्तर में कमी दर्ज की गई, लेकिन कई प्रमुख नदियां अब भी उफान पर हैं। पटना के गांधीघाट पर गंगा खतरे के निशान से 104 सेंटीमीटर और दीघाघाट पर 29 सेंटीमीटर ऊपर बह रही थी। वहीं, सिवान में घाघरा नदी 86 सेंटीमीटर और मुजफ्फरपुर के डुमरियाघाट में गंडक 110 सेंटीमीटर ऊपर थी। खगड़िया में बूढ़ी गंडक भी खतरे के निशान से 96 सेंटीमीटर ऊपर दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर जलस्तर में कमी और कुछ में वृद्धि का अनुमान जताया है।

इनपुट: IANS

N

News4Social बिहार डेस्क

News4Social बिहार डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से बिहार से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →