बिहार में खाद्य सुरक्षा पर बड़ी कार्रवाई, 531 दुकानों की जांच, 15 पर मुकदमा
बिहार में लोगों तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुँचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक बड़ा अभियान चलाया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले तीन महीनों में राज्य भर में 531…
बिहार में लोगों तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुँचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक बड़ा अभियान चलाया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले तीन महीनों में राज्य भर में 531 खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएँ सामने आईं। इस कार्रवाई के दौरान दो प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए, जबकि 15 के खिलाफ कानूनी कार्रवाई (अभियोजन) शुरू की गई है।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि खाद्य कारोबारी स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और गुणवत्तापूर्ण सामग्री के इस्तेमाल जैसे सभी निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करें। मंत्री ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों के स्वास्थ्य से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जांच के दायरे में कौन?
खाद्य संरक्षा विभाग के अनुसार, इस अभियान के तहत होटल, रेस्तरां, मिठाई की दुकानें, डेयरी, खाद्य निर्माण इकाइयाँ और पैकेज्ड पेयजल बेचने वाले कारोबारी निशाने पर रहे। जांच के दौरान अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण के तरीके, रसोई की साफ-सफाई, वैध लाइसेंस और खाद्य संरक्षा मानकों के अनुपालन की बारीकी से पड़ताल की।
पटना में मिलीं बड़ी खामियां
राज्य की राजधानी पटना में सबसे ज्यादा 87 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जहाँ बड़ी मात्रा में खराब और एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त की गई। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, यहाँ लगभग 15,340 लीटर पैकेज्ड पेयजल, 3,456 किलो मिल्क केक, 155 किलो गुलाब जामुन, 96 किलो रसगुल्ला और 170 किलो मिश्रित मिठाई व पनीर जब्त या नष्ट किया गया।
कुछ प्रमुख कार्रवाइयां इस प्रकार रहीं:
- बारबेक्यू नेशन: 21 अक्टूबर को बुद्ध मार्ग स्थित आउटलेट से 30 किलो दुर्गंधयुक्त पनीर और 4 किलो चावल जब्त कर नष्ट किए गए। फ्रेजर रोड स्थित प्रतिष्ठान से 20 लीटर जला हुआ तेल भी जब्त हुआ।
- ब्लिंकिट स्टोर: 22 अक्टूबर को एक स्टोर से 40 लीटर एक्सपायरी अमूल दूध जब्त किया गया। एसके नगर के एक अन्य स्टोर से एक्सपायरी घी, आटा, मसाले और मैदा भी नष्ट कराया गया।
- पेयजल इकाइयाँ: संपतचक और गौरीचक जैसे इलाकों में बिना वैध लाइसेंस के चल रही पैकेज्ड पेयजल इकाइयों पर भी कार्रवाई हुई। महादेव इंटरप्राइजेज और त्रिवेणी नीर जैसी इकाइयों में अनियमितताएं पाई गईं।
अन्य जिलों में भी हुई कार्रवाई
यह अभियान सिर्फ पटना तक सीमित नहीं रहा। रोहतास में 41, सारण में 40, गोपालगंज में 37, सीवान में 27, गया में 26 और वैशाली में 24 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। वैशाली में बिना लाइसेंस चल रही इकाइयों से 22,992 लीटर पैकेज्ड पेयजल जब्त किया गया। वहीं, बिदुपुर में 85,280 रुपये मूल्य का 328 किलोग्राम मिलावटी पनीर नष्ट किया गया। मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण और समस्तीपुर में भी खराब खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई हुई। विभाग ने अनियमितता वाले प्रतिष्ठानों को सुधार के लिए 14 दिन का नोटिस भी जारी किया है।
इनपुट: IANS



