बिहार: मंत्री के सामने ही फोन पर मांगी 50 हजार की घूस, एक घंटे में सस्पेंड हुआ डेटा ऑपरेटर
बिहार में एक सरकारी कर्मचारी की दिलेरी उस पर भारी पड़ गई जब उसने एक फरियादी से मंत्री के सामने ही फोन पर रिश्वत मांग ली। नतीजा यह हुआ कि एससी/एसटी कल्याण विभाग के मंत्री लखेंद्र पासवान ने तुरंत एक्शन…
बिहार में एक सरकारी कर्मचारी की दिलेरी उस पर भारी पड़ गई जब उसने एक फरियादी से मंत्री के सामने ही फोन पर रिश्वत मांग ली। नतीजा यह हुआ कि एससी/एसटी कल्याण विभाग के मंत्री लखेंद्र पासवान ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी डेटा ऑपरेटर को एक घंटे के भीतर निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह पूरा वाकया तब हुआ जब सीतामढ़ी जिले के कुछ लोग सरकारी अनुदान न मिलने की शिकायत लेकर मंत्री लखेंद्र पासवान के दफ्तर पहुंचे थे। फरियादी लालेंद्र कुमार ने बताया कि मंत्री की मौजूदगी में ही उन्होंने डेटा ऑपरेटर चंदन कुमार को फोन मिलाया, जिसने बातचीत के दौरान सरकारी सहायता देने के एवज में सीधे 50 हजार रुपये की मांग कर दी।
मंत्री का तत्काल एक्शन
फरियादी और ऑपरेटर के बीच हो रही बातचीत को मंत्री लखेंद्र पासवान अपने कार्यालय में सुन रहे थे। रिश्वत की मांग सुनते ही उन्होंने फौरन सीतामढ़ी के जिला कल्याण अधिकारी को फोन लगाया। उन्होंने सख्त लहजे में निर्देश दिया कि आरोपी डेटा ऑपरेटर चंदन कुमार की सेवा तत्काल समाप्त की जाए और अगले एक घंटे में उसका निलंबन पत्र जारी कर दिया जाए।
मामले की पूरी जांच के आदेश
मंत्री पासवान ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सिर्फ ऑपरेटर पर ही नहीं, बल्कि इस तरह की रिश्वतखोरी में शामिल अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी जांच करने को कहा है। उन्होंने सीतामढ़ी के एसपी से भी बात कर मामले की दोबारा जांच कराने का निर्देश दिया है।
यह मामला सीतामढ़ी के सोनबरसा इलाके में हुई एक हिंसक झड़प और पत्थरबाजी से जुड़ा है, जिसमें एससी/एसटी एक्ट के तहत FIR दर्ज हुई थी। इसी मामले के पीड़ितों को सरकारी सहायता मिलनी थी, जिसके लिए डेटा ऑपरेटर द्वारा रिश्वत मांगी जा रही थी।
इनपुट: IANS



