मधुबनी: महिला के घर में पकड़े जाने पर ASI ने चलाई गोली, एक की मौत, आरोपी पर ₹25,000 का इनाम
बिहार के मधुबनी जिले में एक पुलिसकर्मी द्वारा की गई गोलीबारी में एक व्यक्ति की जान चली गई और तीन अन्य घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी सहायक अवर निरीक्षक (ASI) को निलंबित कर दिया गया है और उसकी…
बिहार के मधुबनी जिले में एक पुलिसकर्मी द्वारा की गई गोलीबारी में एक व्यक्ति की जान चली गई और तीन अन्य घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी सहायक अवर निरीक्षक (ASI) को निलंबित कर दिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए 25,000 रुपये के इनाम की घोषणा की गई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में हुई।
घटना सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब एक बजे की है, जब पुलिस पिकेट पर तैनात ASI को गांव की ही एक महिला के घर में ग्रामीणों ने पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, लोगों ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया था। इसी घेराबंदी से निकलने और भागने की कोशिश में ASI ने अपनी सरकारी सर्विस पिस्टल से कथित तौर पर चार राउंड फायरिंग कर दी।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
इस गोलीबारी में चार लोग घायल हो गए, जिन्हें बाबूबरही थानाध्यक्ष ने सदर अस्पताल, मधुबनी पहुँचाया। इलाज के दौरान 50 वर्षीय अशोक यादव की मौत हो गई, जबकि बाकी तीन घायलों का इलाज चल रहा है।
घटना की खबर मिलते ही मधुबनी के पुलिस अधीक्षक (SP) योगेंद्र कुमार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक और घायलों के परिजनों से मुलाकात की और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। SP ने अस्पताल जाकर घायलों का हाल भी जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
आरोपी ASI पर सख्त एक्शन का आश्वासन
SP योगेंद्र कुमार ने इस घटना को 'अत्यंत दुखद' बताते हुए कहा कि पुलिस पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया, "आरोपी एएसआई को निलंबित कर दिया गया है और उसे सेवा से बर्खास्त करने की कार्रवाई भी आज ही की जाएगी। उसके विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है।" उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि गिरफ्तारी के बाद स्पीडी ट्रायल के जरिए उसे कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमों के गठन की जानकारी दी है, जो लगातार छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने आरोपी के बारे में सूचना देने वाले को अपनी तरफ से 25 हजार रुपये का इनाम देने का भी ऐलान किया है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा है कि क्षेत्र में स्थिति सामान्य है।
इनपुट: IANS



