मधुबनी: ASI ने घर में घुसकर गोलियां बरसाईं, एक ग्रामीण की मौत, तीन जख्मी; गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
बिहार के मधुबनी जिले में एक पुलिस सहायक अवर निरीक्षक (ASI) पर ग्रामीणों पर अंधाधुंध फायरिंग करने का गंभीर आरोप लगा है। बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में सोमवार देर रात हुई इस घटना में एक…
बिहार के मधुबनी जिले में एक पुलिस सहायक अवर निरीक्षक (ASI) पर ग्रामीणों पर अंधाधुंध फायरिंग करने का गंभीर आरोप लगा है। बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में सोमवार देर रात हुई इस घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
आरोपी पुलिसकर्मी की पहचान एएसआई चंद्रमोहन सिंह के रूप में हुई है, जो बलिराजगढ़ गांव में ही स्थापित पुलिस पिकेट पर तैनात था। बताया जा रहा है कि चंद्रमोहन गलत नीयत से एक ग्रामीण के घर में घुसा था, जहां दो युवतियां सो रही थीं।
ग्रामीणों ने घेरा तो ASI ने की फायरिंग
जानकारी के अनुसार, जब एएसआई घर में घुसा, तो उसकी भनक एक पड़ोसन को लग गई। महिला ने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए बाहर से दरवाजे की सिटकनी बंद कर दी और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और घर को चारों तरफ से घेर लिया।
खुद को ग्रामीणों से घिरा हुआ पाकर एएसआई चंद्रमोहन सिंह ने अपनी सर्विस पिस्टल निकालकर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस फायरिंग में चार ग्रामीणों को गोली लगी।
पुलिस अधीक्षक ने संभाला मोर्चा
गोलीबारी के बाद सभी घायलों को तुरंत बाबूबरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने एक ग्रामीण को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मधुबनी के पुलिस अधीक्षक (SP) योगेंद्र कुमार खुद मौके पर पहुंचे और बाबूबरही थाने में कैंप कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों की एक टीम जांच में जुट गई है। एसपी योगेंद्र कुमार ने पुष्टि की है कि आरोपी एएसआई की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जांच के आधार पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि ग्रामीण कुछ समय से एएसआई की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे, जिसका एक महिला से अवैध संबंध होने की भी बात सामने आई है।
इनपुट: IANS



