बिहार: मां की हत्या कर लूट की झूठी कहानी गढ़ने वाला बेटा 12 घंटे में गिरफ्तार
बिहार के पूर्वी चंपारण में एक बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर इस वारदात को लूट और अपहरण का रूप देने की कोशिश की। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने महज 12 घंटे के…
बिहार के पूर्वी चंपारण में एक बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर इस वारदात को लूट और अपहरण का रूप देने की कोशिश की। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 45 हजार रुपये के लिए अपनी मां को मौत के घाट उतार दिया और फिर चार अज्ञात अपराधियों की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
घटना जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को झुमन मियां ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक दिन पहले (18 अगस्त को) उनकी पत्नी नजमा खातून अपने बेटे आलम हुसैन के साथ अरेराज के बैंक से 45,000 रुपये निकालकर लौट रही थीं। उन्होंने बताया कि रास्ते में खोरी-पाकर चिमनी के पास चार अपराधियों ने उन्हें रोका, मारपीट की और नजमा खातून को रुपयों समेत अगवा कर ले गए।
शक और सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
शिकायत मिलते ही मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने जब बेटे आलम हुसैन से पूछताछ की तो उसके बयानों में बार-बार विरोधाभास मिला, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। इसके बाद जांच टीम ने घटनास्थल की ओर जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज में नजमा खातून और उनका बेटा आलम ही नजर आए, उनके पीछे कोई और संदिग्ध व्यक्ति नहीं था।
जब पुलिस ने आलम हुसैन से सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया। उसके शरीर पर गन्ने के पत्तों से कटने के निशान थे और उसके कपड़ों पर खून के धब्बे भी पाए गए।
योजना बनाकर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में आलम ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने पहले से ही हत्या की योजना बना रखी थी। उसने अरेराज से एक डैगर (चाकू) खरीदा और अपनी मां का इंतजार किया। इसके बाद वह उन्हें मोटरसाइकिल पर बिठाकर गन्ने के खेत के पास ले गया और यह कहकर कि चावल का बोरा खेत में रखा है, उन्हें अंदर भेज दिया। जैसे ही मां खेत में गईं, उसने पीछे से डैगर से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अरेराज, रवि कुमार ने बताया कि आरोपी ने हत्या के बाद मां के पैसे ले लिए और चाकू को खेत में फेंक दिया। फिर खुद सड़क पर लेटकर रोने का नाटक करने लगा और गांव वालों को लूट की झूठी कहानी सुनाई। पुलिस ने आरोपी के घर से छिपाकर रखे गए कुल 89,650 रुपये, खून लगा चाकू, चप्पलें और खून लगे कपड़े बरामद कर लिए हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
इनपुट: IANS



