आय से 124% ज़्यादा संपत्ति: बिहार में केसरिया नगर पंचायत की मुख्य पार्षद और पति पर EOU का शिकंजा
बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में पूर्वी चंपारण जिले के एक जनप्रतिनिधि दंपति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। केसरिया नगर पंचायत की मुख्य पार्षद किरण देवी और उनके पति व…
बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में पूर्वी चंपारण जिले के एक जनप्रतिनिधि दंपति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। केसरिया नगर पंचायत की मुख्य पार्षद किरण देवी और उनके पति व वार्ड पार्षद रजनीश कुमार पाठक उर्फ रिंकू पाठक के पांच ठिकानों पर मंगलवार को एक साथ छापेमारी की गई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दंपति के पास अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से 3.56 करोड़ रुपये से ज़्यादा की संपत्ति होने के सबूत मिले हैं।
यह कार्रवाई एक FIR के बाद शुरू हुई, जो भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संबंधित धाराओं के तहत 26 अक्टूबर को आर्थिक अपराध थाने में दर्ज की गई थी। बिहार पुलिस मुख्यालय के आर्थिक अपराध प्रभाग ने बताया कि विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर दंपति के खिलाफ कांड संख्या 29/26 दर्ज किया गया। इसके बाद पटना की विशेष निगरानी अदालत से तलाशी का आदेश लेकर छापेमारी की प्रक्रिया शुरू की गई।
छापेमारी में कौन-कौन से ठिकाने शामिल?
EOU की टीमों ने पूर्वी चंपारण में चार और पटना में एक लोकेशन पर तलाशी अभियान चलाया। इन ठिकानों में शामिल हैं:
- रजनीश पाठक का चैनपुर स्थित पैतृक आवास
- केसरिया बाजार में पेट्रोल पंप के पास उनका निजी घर
- युवराज गैस एजेंसी का कार्यालय और गोदाम
- नगर पंचायत भवन में स्थित मुख्य पार्षद का सरकारी कार्यालय
- पटना के दानापुर स्थित पार्क वेस्ट अपार्टमेंट का एक फ्लैट (बी-101)
अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टास्क फोर्स इस कार्रवाई को अंजाम दे रही है।
कितनी है आय से अधिक संपत्ति?
आर्थिक अपराध प्रभाग के मुताबिक, पहली नज़र में यह पाया गया है कि दंपति ने अपनी वैध आय से कहीं ज़्यादा संपत्ति जमा की है। जांच में कुल 3,56,65,118 रुपये की आय से अधिक संपत्ति का आकलन किया गया है। यह राशि उनकी ज्ञात आय से लगभग 124.81 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद मामले में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
इनपुट: IANS



