बिहार में बाढ़ और सुखाड़ की दोहरी मार, तेजस्वी यादव ने सरकार से मांगी ₹15,000 की तत्काल मदद
बिहार इस समय बाढ़ और सूखे की दोहरी मार से जूझ रहा है। एक तरफ जहाँ 45 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं, वहीं दूसरी ओर कई जिले कम बारिश के कारण सुखाड़ की चपेट में हैं। इसी स्थिति को देखते हुए…
बिहार इस समय बाढ़ और सूखे की दोहरी मार से जूझ रहा है। एक तरफ जहाँ 45 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं, वहीं दूसरी ओर कई जिले कम बारिश के कारण सुखाड़ की चपेट में हैं। इसी स्थिति को देखते हुए बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार से प्रभावितों के लिए तत्काल राहत की मांग की है।
रविवार को पटना में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए, RJD नेता ने प्रत्येक बाढ़ और सूखा प्रभावित परिवार को तत्काल 15-15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, उन्होंने बिहार की इस गंभीर स्थिति को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने पर भी जोर दिया। तेजस्वी ने बताया कि सितंबर मध्य तक राज्य में सामान्य से करीब 35-36 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई, जिससे किसानों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
सरकार के राहत कार्यों पर उठाए सवाल
तेजस्वी यादव ने NDA सरकार के राहत कार्यों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में सामुदायिक रसोई और राहत शिविर पर्याप्त समय तक नहीं चलाए गए। उन्होंने कहा, "पानी निकलने के बाद भी प्रभावित परिवारों की परेशानियां समाप्त नहीं होती हैं और उन्हें भोजन, कपड़े, बर्तन तथा अन्य जरूरी सामान की जरूरत होती है।" उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर हुए दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब राज्य आपदा से गुजर रहा था, तब सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल ऐसे आयोजनों में किया गया, जबकि प्राथमिकता राहत कार्यों को मिलनी चाहिए थी।
बजट और केंद्रीय सहायता पर प्रश्न
विपक्ष के नेता ने दावा किया कि 2015 में महागठबंधन सरकार ने बजट का चार प्रतिशत हिस्सा आपदा पीड़ितों के लिए रखने का फैसला किया था। उन्होंने मौजूदा सरकार से सवाल किया कि यह राशि अब कहां और कैसे खर्च हो रही है। तेजस्वी ने केंद्रीय टीम के दौरों के बावजूद समाधान न होने का आरोप लगाया और पूछा कि केंद्रीय कृषि मंत्री ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करते समय सूखे वाले जिलों को क्यों छोड़ दिया? उन्होंने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से आग्रह किया कि वे प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान से बिहार के बाढ़ एवं सूखा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने को कहें।
इनपुट: IANS



