रविवार, 6 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
बिहार

बिहार: आरा स्टेशन के पास पटरी से उतरी महानंदा एक्सप्रेस, बड़ा हादसा टला

बिहार के आरा में रविवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब दिल्ली जा रही महानंदा एक्सप्रेस ट्रेन का इंजन और दो बोगियां पटरी से उतर गईं। यह घटना पंडित दीनदयाल उपाध्याय–दानापुर रेलखंड पर आरा रेलवे…

बिहार: आरा स्टेशन के पास पटरी से उतरी महानंदा एक्सप्रेस, बड़ा हादसा टला
(फोटो: IANS)

बिहार के आरा में रविवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब दिल्ली जा रही महानंदा एक्सप्रेस ट्रेन का इंजन और दो बोगियां पटरी से उतर गईं। यह घटना पंडित दीनदयाल उपाध्याय–दानापुर रेलखंड पर आरा रेलवे स्टेशन से कुछ ही दूरी पर हुई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है, लेकिन यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

विज्ञापन

घटना सुबह करीब 4 बजकर 12 मिनट की है, जब ट्रेन संख्या 15483 (अलीपुरद्वार जंक्शन-दिल्ली महानंदा एक्सप्रेस) आरा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची थी। यहां से दिल्ली के लिए रवाना होने के कुछ ही देर बाद, स्टेशन से लगभग 200 मीटर आगे अप-लाइन पर ट्रेन डिरेल हो गई। ट्रेन का इंजन, एक एसएलआर बोगी और एच-1 कोच पटरी से उतर गए।

तकनीकी खामी या सिग्नल की गलती?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह सिग्नल का गलत दिशा में मिलना हो सकता है। बताया जा रहा है कि तकनीकी समस्या के कारण ट्रेन का सिग्नल दिल्ली की बजाय सासाराम लाइन की ओर चला गया, जिससे ट्रेन गलत ट्रैक पर आगे बढ़ गई और यह हादसा हुआ। घटना के बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया और अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए।

रेलवे की तकनीकी टीम घटनास्थल पर पहुंचकर ट्रैक और सिग्नल प्रणाली की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही हादसे के सटीक कारणों का पता चल पाएगा।

युद्धस्तर पर मरम्मत, परिचालन प्रभावित

हादसे के तुरंत बाद रेलवे कर्मचारियों ने राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया। पटरी से उतरी बोगियों को वापस ट्रैक पर लाने का काम तेजी से किया गया। हालांकि, इस घटना के कारण रेल परिचालन पर असर पड़ा है। रेलवे अधिकारी परिचालन को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं।

इनपुट: IANS

N

News4Social बिहार डेस्क

News4Social बिहार डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से बिहार से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →