समस्तीपुर: सड़क किनारे फोटो ले रही लड़की से छेड़खानी, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने शुरू की जांच
बिहार में एक और लड़की से छेड़खानी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। हाल ही में जमुई में हुई ऐसी ही एक घटना के बाद अब समस्तीपुर जिले में कुछ युवकों द्वारा एक लड़की के साथ अभद्रता करने का मामला…
बिहार में एक और लड़की से छेड़खानी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। हाल ही में जमुई में हुई ऐसी ही एक घटना के बाद अब समस्तीपुर जिले में कुछ युवकों द्वारा एक लड़की के साथ अभद्रता करने का मामला सामने आया है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, वीडियो पुलिस के संज्ञान में आने के बाद जांच शुरू कर दी गई है।
वायरल वीडियो में कुछ युवक एक लड़की को घेरकर उससे गाली-गलौज और बदसलूकी करते दिख रहे हैं। वे उसका नाम और पता पूछ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस दौरान लड़की का हाथ मरोड़ा गया और उसे बीच सड़क पर खींचने की कोशिश भी की गई। यह पूरी घटना वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाईपास रोड की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता एक युवक के साथ वहां से गुजर रही थी और वे सड़क किनारे रुककर फोटो खींच रहे थे। इसी दौरान कुछ लड़के वहां आ धमके और लड़की को घेरकर उसके साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया।
पुलिस कर रही है कार्रवाई
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए गए। समस्तीपुर पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर दो युवकों की पहचान कर ली गई है। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और साक्ष्य जुटाने का काम किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह घटना वास्तव में कब और किन परिस्थितियों में हुई। हालांकि, News4Social इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
इनपुट: IANS



