गोपालगंज: घर में दीया जलाते समय सिलेंडर फटा, महिलाओं-बच्चों समेत 20 लोग झुलसे, 5 की हालत गंभीर
बिहार के गोपालगंज में मंगलवार को एक घर में गैस सिलेंडर फटने से हुए दर्दनाक हादसे में 20 लोग बुरी तरह झुलस गए, जिनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पांच…
बिहार के गोपालगंज में मंगलवार को एक घर में गैस सिलेंडर फटने से हुए दर्दनाक हादसे में 20 लोग बुरी तरह झुलस गए, जिनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पांच लोगों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उन्हें गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में भर्ती कराया गया है।
यह घटना बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सफियाबाद गांव की है, जहां प्रेमनाथ मांझी के घर पर यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि घर में एक नया गैस सिलेंडर लगाया गया था और पास में ही दीया जलाया जा रहा था। इसी दौरान सिलेंडर ने आग पकड़ ली, जो तेजी से फैल गई और एक जोरदार धमाके के साथ सिलेंडर फट गया।
अस्पताल में डीएम, घायलों का इलाज जारी
विस्फोट की चपेट में आने से घर में मौजूद कई लोग गंभीर रूप से जल गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। कुल 17 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में शिलानाथ मांझी, कुसुम देवी, नेहा कुमारी, पिंकी कुमारी, कंचन कुमारी और बेबी देवी समेत अन्य लोग शामिल हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन हरकत में आया। गोपालगंज के जिलाधिकारी समीर सौरभ खुद सदर अस्पताल पहुंचे और वहां कैंप कर घायलों के इलाज की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहली प्राथमिकता घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराना है और घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। सिविल सर्जन मोहम्मद इजरायल ने भी पुष्टि की कि पांच घायलों की स्थिति नाजुक है और उनका इलाज ICU में चल रहा है।
इनपुट: IANS



