Bihar Chakka Jam Live: बिहार में विपक्षी दलों का चक्काजाम; पटना में प्रदर्शन कर रहे राहुल और तेजस्वी h3>
10:47 AM, 09-Jul-2025
इनकम टैक्स चौराहा पर प्रदर्शन कर रहे विपक्षी नेता। – फोटो : NEWS4SOCIAL
राहुल-तेजस्वी चुनाव आयोग के दफ्तर की ओर बढ़ रहे
बिहार बंद के समर्थन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, वामदल के दीपांकर भट्टाचार्य, वीआईपी के मुकेश सहनी और पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पटना में इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ प्रदर्शन कर रहे हैं। तीन नेता इनकमटैक्स गोलंबर पर पहुंच चुके हैं। तीनों यहां से चुनाव आयोग के ऑफिस तक जाएंगे। वहीं विपक्षी दलों के कार्यकर्ता एनडीए सरकार के विरोध में नारेबाजी कर रहे हैं।
10:30 AM, 09-Jul-2025
मधुबनी में महिलाएं ने भी बिहार बंद को दिया समर्थन। – फोटो : NEWS4SOCIAL
मधुबनी में भी बंद का असर, ट्रेनें भी रोकी
बिहार बंद का असर मधुबनी जिले में भी स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है। मधुबनी के दरभंगा-सुपौल रेलखंड स्थित परसा हॉल्ट पर राजद कार्यकर्ताओं ने ट्रेन को रोककर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे रेलवे यातायात बाधित हो गया। इंडिया गठबंधन की महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा किए गए निर्णय के खिलाफ हमलोग एकजुट हुए हैं। चुनाव आयोग बिहार की जनता के साथ अन्याय नहीं कर सकती है।
10:14 AM, 09-Jul-2025
लखीसराय में सड़क पर बैठे विपक्षी दलों के नेता। – फोटो : NEWS4SOCIAL
लखीसराय में सड़क पर ही बैठक विपक्षी दलों के नेता
लखीसराय जिले में शहीद द्वार समेत विभिन्न स्थानों पर बंद समर्थकों ने मुख्य सड़कों को जाम कर दिया है। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। बंद समर्थकों का आरोप है कि चुनाव आयोग द्वारा बिहार में पूर्ण मतदाता पुनरीक्षण कार्य केंद्र सरकार के इशारे पर कराया जा रहा है। उनका कहना है कि यह प्रक्रिया गरीब, शोषित और वंचित वर्गों के लिए अनुचित है, जिससे उनकी राजनीतिक आवाज़ दबाई जा रही है।प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरकर अपना विरोध प्रकट किया है, जिससे स्थानीय यातायात प्रभावित हो रहा है। पुलिस बल स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर मौजूद है, लेकिन प्रदर्शनकारियों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है।
09:55 AM, 09-Jul-2025
जहानाबाद में चक्काजाम। – फोटो : NEWS4SOCIAL
पटना-गया हाईवे को जाम किया
जहानाबाद में महागठबंधन के नेताओं ने पटना -गया सड़क मार्ग को जहानाबाद शहर में जाम कर कई जगहों पर बवाल काटा। महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने पटना गया रेल खंड के जहानाबाद कोर्ट रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन को रोककर कुछ देर के लिए ट्रेन को बाधित किया। बाद में ट्रेन आगे अपने गंतव्य स्थान के लिए चल पड़ी। इस मौके पर रेल पुलिस ने महागठबंधन के कार्यकर्ताओं को समझा बूझकर रेलवे ट्रैक साफ कराई। इस मौक पर छात्र राजद के नेता शैलेश कुमार यादव ने कहा कि चुनाव आयोग एनडीए सरकार के बहकावे में आकर एक साजिश के तहत मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट से हटाने का जो प्रयास कर रहा है उसे हम लोग कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि बंद के दौरान ट्रेन वाहन आदि को बंद कर रहे हैं। दुकानदारों का हमें समर्थन मिल रहा है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि अगर हमारी मांगे नहीं पूरी हुई तो इससे भी बड़ी आंदोलन की जाएगी।
09:30 AM, 09-Jul-2025
जहानाबाद में ट्रेनें रोक दी गई। – फोटो : NEWS4SOCIAL
पटना, जहानाबाद और भोजपुर में ट्रेनें रोकीं
पटना, जहानाबाद और भोजपुर में भी ट्रेनें रोक दी गई है। आरा स्टेशन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फरक्का एक्सप्रेस रोक प्रदर्शन कर रहे हैं। राजधानी में भी जाम का असर दिखने लगा है। विपक्षी दलों के कार्यकर्ता चुनाव आयोग के दफ्तर के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं पप्पू यादव पटना के सचिवालय हॉल्ट और अपने समर्थकों के साथ ट्रेन रोककर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सभी लोग मतदाता पुनरीक्षण काम को वापस लेने की मांग कर रहे हैं।
09:14 AM, 09-Jul-2025
सीवान में बिहार बंद का असर। – फोटो : NEWS4SOCIAL
सीवान में दुकानें बंद, सड़कों को भी जाम किया
सीवान में भी बिहार बंद का असर देखने को मिल रहा है। विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने बड़े-बड़े वाहनों को सड़क पर लगाकर यातायात को बाधित कर दिया है। इस दौरान, दुकानों को भी बंद कराया जा रहा है और प्रदर्शनकारी झंडा-बैनर लेकर “इलेक्शन कमीशन का आदेश वापस लो” के नारे लगा रहे हैं। महागठबंधन में शामिल सात पार्टियों के कार्यकर्ताओं सड़क पर उतर गए हैं। विभिन्न स्थानों पर सड़कें जाम कर रहे हैं। गोपालगंज मोड़ और बबुनिया मोड़ को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया गया है, जिससे शहर में वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। आगजनी की घटनाएं भी सामने आई हैं, जहां प्रदर्शनकारियों ने गाड़ियों को रोका है।
08:56 AM, 09-Jul-2025
वैशाली में राजद विधायक मुकेश रोशन के साथ प्रदर्शन करते कार्यकर्ता। – फोटो : NEWS4SOCIAL
विपक्ष ने गांधी सेतु को भी जाम करवाया
वैशाली में भी बंद का असर देखने को मिल रहा है। राजद विधायक मुकेश रोशन के नेतृत्व में पूरा विपक्ष सड़क पर उतर गया है। कार्यकर्ताओं ने पटना को उत्तर बिहार से जोड़ने वाले पुल महात्मा गांधी सेतु को जाम कर दिया है। इस कारण गांधी सेतु पर आवागमन बाधित हो गई। इससे जाम लग गया है। लोग अपने गन्तव्य तक पैदल ही जा रहे हैं। विपक्ष के कार्यकर्ता सड़क पर टायर जलाकर आगजनी कर रहे और चुनाव आयोग के विरोध में नारेबाजी कर रहे हैं।
08:40 AM, 09-Jul-2025
मुजफ्फरपुर में विरोध प्रदर्शन करते राजद कार्यकर्ता। – फोटो : NEWS4SOCIAL
मुजफ्फरपुर में विपक्ष ने किया जाम
इंडिया महागठबंधन के द्वारा बुलाते गए बिहार बंद को लेकर आज के मुजफ्फरपुर के जीरो माइल चौक पर बंद समर्थकों ने पटना-गया, मुजफ्फरपुर-दरभंगा हाईवे जाम कर दिया। शहर के चौक-चौराहों पर विपक्ष के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। राजद कार्यकर्ताओं ने केंद्र की सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। कहा कि केंद्र सरकार के इशारे पर चुनाव आयोग द्वारा बिहार में पूर्ण मतदाता पुनरीक्षण कार्य कराया जा रहा है जो गरीब शोषित वंचितों के लिए उचित नहीं है।
08:26 AM, 09-Jul-2025
दरभंगा जंक्शन पर प्रदर्शन करते राजद-कांग्रेस के कार्यकर्ता। – फोटो : NEWS4SOCIAL
राजद ने नमो भारत को दरभंगा जंक्शन पर रोका
बिहार बंद को लेकर राजद नेताओ ने दरभंगा जंक्शन पर नमो भारत ट्रेन रोक दी। चक्काजाम कर NDA सरकार और चुनाव आयोग से मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को बंद करने की मांग की। वही रेल चक्का जाम कर रहे राजद नेता प्रेमचंद्र उर्फ भोलू यादव ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण का कार्य कमजोर और पिछड़े वर्गों को मतदान के अधिकार से वंचित करने की साजिश है। केंद्र की सरकार चुनाव आयोग पर दबाव बनाकर पुनरीक्षण कार्य करवा रही है। वही भोलू यादव ने कहा कि अगर सरकार हम लोगों की मांगों पर विचार नहीं करती है तो हम लोग आंदोलन को उग्र करेंगे।
08:13 AM, 09-Jul-2025
पटना में सड़क जाम किया, आगजनी कर रहे विपक्ष के कार्यकर्ता
पटना जिले के मनेर, बिहटा सहित कई जगहों पर इंडिया गठबंधन के नेताओं ने टायर जलाकर अगजनी करते हुए चक्का जाम किया। इस दौरान मनेर में राष्ट्रीय जनता दल के नेताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर विरोध प्रदर्शन करते हुए काले नियम को वापस लेने की मांग की। राजद व भाकपा माले नेताओ ने महिनावा में सड़क जाम करते हुए विरोध जताया। इस दौरान महागठबंधन के नेताओं ने भाजपा और मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क जाम के कारण गाड़ियों की कतार सड़क पर लगी रही। मनेर में राजद नेता ललन सिंह के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क को जाम किया गया। इस दौरान महागठबंधन के नेताओं ने कहा कि जिस तरह देश में भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार मोदी सरकार ने नोटबंदी करने का काम किया था। इस तरह बिहार में चुनाव के पहले वोट बंदी करने का काम किया है। जिसे बिहार के कई तीन करोड़ से ज्यादा लोगों का मतदाता सूची से नाम बाहर हो जाएगा। बिहार की जनता सरकार बिहार से बदलने के मूड में है।
बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – BiharNews