भोजपुर में मां-बेटे की सनसनीखेज हत्या, संपत्ति विवाद में बड़े बेटे और बहू पर शक की सुई
बिहार के भोजपुर जिले में एक मां और बेटे की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदुनी गांव में मंगलवार देर रात इस दोहरे हत्याकांड को…
बिहार के भोजपुर जिले में एक मां और बेटे की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदुनी गांव में मंगलवार देर रात इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक संपत्ति विवाद की आशंका जताई जा रही है, जिसके आधार पर पुलिस ने मृतक महिला के बड़े बेटे और बहू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों की पहचान 55 वर्षीय रामवती कुंवर और उनके 25 वर्षीय छोटे बेटे सुनील कुमार के रूप में हुई है। पुलिस को मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे इस घटना की सूचना मिली, जिसके बाद आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।
खून लगा हथौड़ा और मिटाए गए सबूत
जगदीशपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) रवि कुमार ने बताया कि घटनास्थल से एक खून लगा हथौड़ा बरामद किया गया है। हमलावरों ने धारदार हथियार और हथौड़े का इस्तेमाल कर मां-बेटे पर कई वार किए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी दोनों के शरीर पर गर्दन समेत कई जगहों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के लिए मृतक के बड़े बेटे दिनेश कुमार और उसकी पत्नी शांति देवी को थाने लाया गया है। जांच के दौरान पुलिस को दिनेश के घर में खून के धब्बे धोने के सबूत भी मिले हैं, जिससे शक और गहरा गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हत्या की मुख्य वजह संपत्ति विवाद ही है या कोई और कारण भी हो सकता है। फिलहाल, मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता के एंगल से भी पड़ताल जारी है।
इनपुट: IANS



