बिहार: बैंक की आधार मशीन से साइबर कैफे में बन रहे थे जाली दस्तावेज़, बांग्लादेशी पासपोर्ट भी मिला
बिहार के मुजफ्फरपुर में एक साइबर कैफे से जाली दस्तावेज़ बनाने वाले एक बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पटना के एक बैंक में इस्तेमाल होने वाली UIDAI की आधिकारिक…
बिहार के मुजफ्फरपुर में एक साइबर कैफे से जाली दस्तावेज़ बनाने वाले एक बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पटना के एक बैंक में इस्तेमाल होने वाली UIDAI की आधिकारिक मशीन का उपयोग करके इस कैफे में अवैध रूप से आधार कार्ड और पासपोर्ट बनाए जा रहे थे। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जानकारी मिली थी कि मुजफ्फरपुर के मोतीझील इलाके में स्थित 'कन्हाई कम्युनिकेशन' नामक कंप्यूटर सेंटर पर दस्तावेजों में हेरफेर कर उन्हें गैर-कानूनी तरीके से तैयार किया जाता है। इसके बाद नगर एसडीपीओ-1 सुरेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम ने छापेमारी की और रैकेट का भंडाफोड़ किया।
बैंक ऑपरेटर की मिलीभगत से चल रहा था खेल
जांच में सामने आया कि इस पूरे गिरोह का सूत्रधार पटना के बोरिंग कैनाल रोड स्थित यूनियन बैंक में काम करने वाला एक कंप्यूटर ऑपरेटर था। आरोपी शिवकुमार पंडित, जो 'टेम टेक्नोलॉजी' एजेंसी के लिए काम करता था, बैंक से आधार बनाने का कॉन्ट्रैक्ट लिए हुए था। वह छुट्टी वाले दिनों में आधिकारिक UIDAI मशीन को अवैध रूप से साइबर कैफे पर ले जाता था। वहां वह पैसे लेकर नए आधार कार्ड बनाने या पुराने में नाम-पता बदलने जैसे काम करता था। पुलिस ने शिवकुमार को छपरा के दरियापुर से गिरफ्तार किया है।
बांग्लादेशी पासपोर्ट और कई उपकरण बरामद
पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला है कि इस सेंटर से एक बांग्लादेशी पासपोर्ट भी जारी किया गया था। मौके से साहिल कुमार नाम के एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया, जो 2019 से इस सेंटर में काम कर रहा था और मोतिहारी का रहने वाला है। नगर एसडीपीओ-1 सुरेश कुमार ने पुष्टि की कि बैंक की UIDAI मशीन का अवैध इस्तेमाल कर विभिन्न साइबर कैफे में यह गोरखधंधा चल रहा था।
छापेमारी के दौरान कन्हाई कम्युनिकेशन सेंटर से दो लैपटॉप, एक आइरिस स्कैनर, एक फिंगर स्कैनर, अंगूठे का क्लोन, 8 आधार कार्ड और कई अन्य डिजिटल सामग्रियां जब्त की गईं। पुलिस ने नगर थाने में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



