पटना: दुकान में पीछे से घुसे अपराधी, विरोध करने पर स्वर्ण व्यवसायी को पेट में मारी गोली
बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार देर रात एक स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारकर घायल कर दिया गया। घटना कंकड़बाग थाना क्षेत्र की है, जहां लुटेरों ने दुकान बंद होने के बाद पिछले दरवाजे से घुसने की कोशिश की…
बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार देर रात एक स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारकर घायल कर दिया गया। घटना कंकड़बाग थाना क्षेत्र की है, जहां लुटेरों ने दुकान बंद होने के बाद पिछले दरवाजे से घुसने की कोशिश की। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, व्यवसायी और उनकी पत्नी द्वारा विरोध किए जाने पर अपराधियों ने गोली चला दी, जो व्यवसायी के पेट में जा लगी।
पुलिस ने बताया कि यह वारदात 14 अगस्त की रात करीब साढ़े नौ बजे टेम्पो रोड स्थित एक आभूषण की दुकान पर हुई। दुकान का मुख्य शटर बंद हो चुका था, लेकिन पिछला दरवाजा खुला था। इसी रास्ते से एक अपराधी ने अंदर घुसने का प्रयास किया, जिसका दुकान मालिक दीपक की पत्नी ने विरोध किया। इसके बाद दीपक ने भी जब अपराधी को रोकने की कोशिश की, तो दोनों के बीच हाथापाई हो गई।
घटनास्थल पर पिस्तौल छोड़कर भागे
पटना सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार के अनुसार, इसी संघर्ष के दौरान अपराधी ने गोली चला दी। गोली चलने के बाद हड़बड़ाहट में अपराधी की पिस्तौल और उसका फटा हुआ शर्ट मौके पर ही छूट गया। वह भागकर पास की गली में पहुंचा, जहां उसका दूसरा साथी मोटरसाइकिल पर इंतजार कर रहा था, और दोनों फरार हो गए।
पुलिस को रात करीब 10 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यवसायी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मनोज कुमार ने बताया कि घटनास्थल से एक पिस्तौल, तीन कारतूस और गोली का एक खोखा बरामद किया गया है। फोरेंसिक (FSL) टीम ने भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया है।
इनपुट: IANS



