Bihar: ‘वोट खरीदकर बनी सरकार’, सम्राट चौधरी के सर्टिफिकेट पर भी सवाल, किशनगंज में PK का बड़ा हमला h3>
जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर आज किशनगंज जिले पहुंचे, जहां उन्होंने अपने नेताओं के साथ एक बैठक आयोजित की। इस दौरान उन्होंने भाजपा और एनडीए पर जमकर निशाना साधा।
एनडीए और चुनाव परिणामों पर उठाए सवाल
सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाए जाने पर प्रशांत किशोर ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, “हमने पहले ही कहा था कि एनडीए जीतेगी नहीं। अगर जीत भी गई तो नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। अगर एनडीए ने 10 हजार रुपये देकर वोट नहीं खरीदे होते और चुनाव आयोग की मदद नहीं होती, तो उन्हें पिछले दरवाजे से 202 सीटें नहीं मिलतीं। यह एक ‘मैन्युफैक्चर्ड मैंडेट’ था।”
सम्राट चौधरी पर लगाया फर्जी सर्टिफिकेट का आरोप
प्रशांत किशोर ने सम्राट चौधरी पर तंज कसते हुए कहा, ‘जब भाजपा को मौका मिला तो उन्होंने किसे मुख्यमंत्री बनाया? आप उनका चाल, चरित्र और चेहरा देख लें। लोगों को यह भी नहीं पता कि उन्होंने 10वीं पास की है या नहीं। आप राज्य के मुख्यमंत्री हैं, कम से कम सही जानकारी दें। फर्जी सर्टिफिकेट लगाना चरित्र को दर्शाता है।’
पुराने आरोपों और हलफनामे को लेकर भी साधा निशाना
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी 6 लोगों की हत्या के आरोप में जेल में रहे हैं, लेकिन उन्होंने अपने हलफनामे में इसकी कोई जानकारी नहीं दी।
ये भी पढ़ें: डॉक्टर की लापरवाही या नशे का कहर? पूर्णिया में ऑपरेशन के बाद महिला की दर्दनाक मौत
‘पैसा बांटकर वोट खरीदे गए’
शराबबंदी के मुद्दे पर प्रशांत किशोर ने कहा, “ये पिछले दरवाजे से काम करने वाले लोग हैं। हमने पहले ही कहा था कि इस फर्जी कानून को बंद करना चाहिए। इसका लाभ भ्रष्ट माफिया और अफसरों को मिल रहा है। इसे बंद कर इसका लाभ पढ़ाई और बिहार के नवनिर्माण के लिए होना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि जनता का पैसा बांटकर वोट खरीदे गए, जिससे खजाना खाली हुआ और अब सरकार पिछली नीतियों को भी बदलने की तैयारी में है।

