Bihar: विधायक अनंत सिंह को बड़ी राहत, वायरल वीडियो मामले में गिरफ्तारी पर रोक; 29 मई को होगी अगली सुनवाई h3>
मोकामा विधायक अनंत सिंह को गोपालगंज व्यवहार न्यायालय से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने वायरल वीडियो मामले में अगली सुनवाई तक उनकी गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है। मामले की अगली सुनवाई अब 29 मई को होगी। कोर्ट के इस फैसले के बाद विधायक और उनके समर्थकों में राहत का माहौल है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से शुरू हुआ विवाद
पूरा मामला बीते 2 मई को सामने आए एक वायरल वीडियो से जुड़ा है। गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन और अश्लील गानों पर अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगा था। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। मीरगंज थाना पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। इस केस में मोकामा विधायक अनंत सिंह को भी नामजद आरोपी बनाया गया।
अदालत ने फिलहाल दी अंतरिम राहत
एफआईआर दर्ज होने के बाद विधायक की गिरफ्तारी की आशंका बढ़ गई थी। इसके बाद उनके अधिवक्ताओं ने अदालत में राहत की गुहार लगाई। मामले की प्रारंभिक सुनवाई के दौरान अदालत ने पुलिस को निर्देश दिया कि अगली सुनवाई तक विधायक के खिलाफ कोई दंडात्मक या दबावपूर्ण कार्रवाई न की जाए।
29 मई की सुनवाई पर टिकी निगाहें
अब इस पूरे मामले की अगली सुनवाई 29 मई को होगी। माना जा रहा है कि उस दिन पुलिस अनुसंधान डायरी और वायरल वीडियो की तकनीकी या फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट अदालत में पेश की जा सकती है। इसके बाद यह तय होगा कि विधायक को मिली अंतरिम राहत आगे भी जारी रहेगी या पुलिस कार्रवाई का रास्ता साफ होगा।
ये भी पढ़ें- Bihar: मासूम बेटियों के सिर से उठा मां का साया, बिजली के करंट की चपेट में आने से महिला की मौत, गांव में मातम
फिलहाल, अदालत के इस आदेश के बाद बिहार की राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और इस मामले पर सबकी नजरें अगली सुनवाई पर टिकी हुई हैं।

