Bhopal पांच करोड़ में बनेंगे 24 नए टॉयलेट, अब संख्या 150 से ज्यादा | 24 new toilets will be built in five crores in Bhopal | Patrika News
भोपालPublished: Feb 20, 2023 02:01:53 pm
भोपाल में स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर में पांच करोड़ रुपए की लागत से 24 नए पब्लिक टॉयलेट बनाए जाएंगे। इसके बाद शहर में करीब 150 सुलभ हो जाएंगे।
she toilet
भोपाल. स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर में पांच करोड़ रुपए की लागत से 24 नए पब्लिक टॉयलेट बनाए जाएंगे। इसके बाद शहर में करीब 150 सुलभ हो जाएंगे। बाजार सहित राजधानी के सार्वजनिक क्षेत्रों में इससे महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। गौरतलब है कि जिम्मेदारों का इस बड़ी समस्या की तरफ ध्यान दिलाने के लिए पत्रिका ने हमें चाहिए शी टॉयलेट शीर्षक से अभियान चला रखा है। पत्रिका की पहल के बाद नगर निगम ने शहरी क्षेत्र में महिलाओं के लिए टॉयलेट बनाने की घोषणा की।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर के हर क्षेत्र में शौचालय बनाने की घोषणा नगर निगम ने की है। निगम निजी एजेंसी के माध्यम से यह काम करवा रहा है। फिलहाल, आठ-आठ शौचालय के तीन टेंडर जारी किए गए हैं। निर्माण एजेंसी ही इनकी डिजाइन बनाने के साथ निर्माण करेगी। रखरखाव भी उसके पास रहेगा। प्रति टॉयलेट करीब 21 लाख रुपए खर्च आएगा।
वल्र्ड क्लास स्मार्ट वॉशरूम कैफे की जरूरत
भोपाल में अब इंदौर,ग्वालियर की तर्ज पर स्मार्ट वॉशरूम कैफे खोलने की मांग हो रही है। इंदौर में करीब 28 कैफे हैं, जबकि ग्वालियर में 11 कैफे बनाने के लिए प्रक्रिया शुरू हो गयी है। राजधानी होने के बावजूद भोपाल में इस तरह की कोई पहल होती नहीं दिख रही है। जबकि, विश्वस्तरीय मानकों के साथ लोगों को टॉयलेट के साथ कैफे की सुविधा होने से वॉशरूम शहरवासियों के साथ पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण बन सकते हैं।
संचालन के लिए एजेंसी की जरूरत
शहर के करीब 100 सुलभ शौचालयों पर सुविधाओं की जरूरत है। यहां महिलाओं के लिए सेनेटरी पेड से लेकर शॉप तक नहीं हैं। आधे से अधिक में नल की टोटियां खराब हैं। इन पर समय पर सफाई नहीं होती है। व्यवस्था का जिम्मा जिन निजी एजेंसियों को दिया हुआ था उनका ठेका नहीं बढ़ाए जाने की वजह से इन्होंने बीते चार माह से काम बंद कर दिया है।
न्यू मार्केट में बनना था शी लाउंज
राजधानी के प्रमुख बाजार न्यू मार्केट में खरीदारी करने आने वाली महिलाओं के लिए शी लाउंज के साथ बेबी फीडिंग जोन बनाया जाना था। पिछले साल इसकी घोषणा हुई थी। लेकिन अब तक कोई काम नहीं हुआ है। व्यापारी संघ लंबे समय से इसकी मांग कर रहा है। शीलाउंस के लिए 20 लाख रुपए की घोषणा की गयी थी। शी लाउंज में महिलाओं के लिए वाशरूम, ड्रेसिंग रूम, सेनेटरी नैपकिन डिस्पेंसर और बेबी फीडिंग जोन की सुविधा देने की बात थी। शी लाउंज में महिला कर्मचारियों की नियुक्ति के साथ एक लेडी गार्ड व एक लेडी अटेंडर रखने की घोषणा हुई थी। यहां टायलेट व वाशरूम का उपयोग नि:शुल्क होना था।
…………..
स्वच्छता मिशन के तहत शहर की सफाई व्यवस्था और शौचालयों आदि की लगातार निगरानी की जा रही है। पब्लिक टॉयलेट कई जगह पर नहीं हंै। इसीलिए जहां जरूरत है वहां नए टॉयलेट बनवाए जाएंगे।
मालती राय, महापौर