इंग्लैंड में T20 सीरीज 4-0 से हारी टीम इंडिया, टॉप ऑर्डर से लेकर कप्तानी तक, ये हैं हार के 5 बड़े कारण
इंग्लैंड दौरे पर भारतीय क्रिकेट टीम को पांच मैचों की T20 सीरीज में 4-0 की करारी हार का सामना करना पड़ा है। मेजबान इंग्लैंड ने आखिरी T20 मुकाबले में भारत को 56 रनों से हराकर सीरीज अपने नाम की। समाचार एज
इंग्लैंड दौरे पर भारतीय क्रिकेट टीम को पांच मैचों की T20 सीरीज में 4-0 की करारी हार का सामना करना पड़ा है। मेजबान इंग्लैंड ने आखिरी T20 मुकाबले में भारत को 56 रनों से हराकर सीरीज अपने नाम की। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस निराशाजनक प्रदर्शन के पीछे कई बड़े कारण रहे, जिसने टीम को एक भी जीत हासिल नहीं करने दी।
टीम इंडिया की इस बड़ी हार की वजह सिर्फ एक या दो खिलाड़ियों का खराब फॉर्म नहीं, बल्कि एक के बाद एक कई मोर्चों पर नाकामी रही। बल्लेबाजी, गेंदबाजी से लेकर कप्तानी तक, हर विभाग में टीम संघर्ष करती नजर आई। आइए उन पांच मुख्य कारणों पर नजर डालते हैं जिनकी वजह से भारत को यह शर्मनाक हार झेलनी पड़ी।
बल्लेबाजी में बिखरा टॉप और मिडिल ऑर्डर
इस पूरी सीरीज में भारत की सबसे बड़ी कमजोरी उसकी बल्लेबाजी रही। टॉप ऑर्डर बुरी तरह नाकाम रहा। अभिषेक शर्मा पहले दो मैचों के बाद लय खो बैठे, वहीं संजू सैमसन और युवा वैभव सूर्यवंशी मिले मौकों को भुनाने में असफल रहे। इसका सीधा दबाव मध्यक्रम पर आया, जो खुद भी बिखरा हुआ नजर आया। ईशान किशन और तिलक वर्मा रनों के लिए जूझते दिखे, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर भी निरंतरता दिखाने में नाकाम रहे।
गेंदबाजी और कप्तानी में भी नाकामी
इंग्लैंड की तेज गेंदबाजी के लिए मददगार पिचों पर भी भारतीय पेस अटैक बेअसर दिखा। अर्शदीप सिंह 5 मैचों में 9.47 की इकोनॉमी से सिर्फ 4 विकेट ले सके। हर्षित राणा ने 10 की इकोनॉमी से रन लुटाए और प्रसिद्ध कृष्णा भी महंगे साबित हुए। कप्तान के तौर पर श्रेयस अय्यर भी प्रभाव छोड़ने में असफल रहे। उनके गेंदबाजी में बदलाव और फील्डिंग सजाने के फैसले साधारण दिखे। यह भी माना जा रहा है कि वह हेड कोच गौतम गंभीर के साथ मिलकर एक सही टीम कॉम्बिनेशन तैयार नहीं कर पाए।
लगातार बदलाव बने हार का कारण
टीम प्रबंधन की एक और बड़ी गलती बल्लेबाजी क्रम में लगातार छेड़छाड़ करना रही। तिलक वर्मा और शिवम दुबे की बल्लेबाजी पोजीशन स्थिर नहीं रखी गई। यहां तक कि तीसरे T20 में अक्षर पटेल को इन दोनों से ऊपर बल्लेबाजी के लिए भेज दिया गया, जिससे टीम का संतुलन बिगड़ गया और यह प्रयोग पूरी तरह असफल रहा।
इनपुट: IANS



