कोलकाता भगदड़ हादसा: विपक्ष ने बंगाल सरकार को घेरा, 50 लाख मुआवजे और कड़ी सुरक्षा की मांग
पश्चिम बंगाल के चोरबगान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना के बाद राजनीतिक दलों ने राज्य सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने सरकार की विफलता पर सवाल उठाए हैं, वहीं…
पश्चिम बंगाल के चोरबगान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना के बाद राजनीतिक दलों ने राज्य सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने सरकार की विफलता पर सवाल उठाए हैं, वहीं भाजपा ने इसे दुखद बताते हुए भविष्य में सुरक्षा चाक-चौबंद करने की बात कही है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने अयोध्या में इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यह सिर्फ कोलकाता नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब देश भर में दुर्गा पूजा और भंडारे चल रहे हैं, तब ऐसे पवित्र अवसर पर सरकार की ओर से सुरक्षा में लापरवाही बरती गई, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।
मुआवजे और जांच की मांग
सपा सांसद ने मांग की कि मृतकों के परिजनों को कम से कम पचास लाख रुपये का मुआवजा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, "जिन परिवारों के घर में अंधेरा छा गया है, उन रोते-बिलखते परिजनों को सहायता मिलनी चाहिए।" प्रसाद ने पूरे मामले की जांच कराकर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की भी मांग की और कहा कि नवरात्र के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने में सरकार विफल रही है।
व्यवस्था पर उठे सवाल
हैदराबाद में कांग्रेस नेता वी. हनुमंत राव ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सरकार द्वारा घोषित 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और नौकरी के प्रस्ताव पर सवाल उठाते हुए कहा कि असल मुद्दा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना है। उन्होंने कहा, "पहले लोगों की जान चली जाए और फिर मुआवजा और नौकरी दी जाए, यह सही व्यवस्था नहीं है। यह मौजूदा सरकार की विफलता को दर्शाता है।"
वहीं, पटना में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सीसीटीवी कैमरों और अन्य संसाधनों की मदद से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में कोई ऐसी हरकत न कर सके। उन्होंने त्योहारों के दौरान लोगों से सतर्क और संयमित रहने की भी अपील की।
इनपुट: IANS



