एशियन U-23 एथलेटिक्स: आनंद सिंह का गोल्डन थ्रो, पहली बार 80 मीटर पार कर जीता सोना
चीन के ओरडोस में चल रही एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में भारत के लिए रविवार का दिन शानदार रहा। उत्तर प्रदेश के 22 वर्षीय एथलीट आनंद सिंह ने पुरुषों की भाला फेंक (जैवलिन थ्रो) स्पर्धा में अप
चीन के ओरडोस में चल रही एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में भारत के लिए रविवार का दिन शानदार रहा। उत्तर प्रदेश के 22 वर्षीय एथलीट आनंद सिंह ने पुरुषों की भाला फेंक (जैवलिन थ्रो) स्पर्धा में अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय इवेंट था, जिसे उन्होंने यादगार बना दिया।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, आनंद ने 80.57 मीटर की दूरी तक भाला फेंककर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। यह पहली बार है जब उन्होंने 80 मीटर का आंकड़ा पार किया है। इस शानदार थ्रो के साथ उन्होंने अपने पिछले व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में 2.89 मीटर का बड़ा सुधार किया।
लगातार सुधरता प्रदर्शन
आनंद ने इस चैंपियनशिप में 77.68 मीटर के अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड के साथ प्रवेश किया था। उन्होंने यह थ्रो 28 जून को भुवनेश्वर में हुई नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अपने छठे और आखिरी प्रयास में हासिल किया था, जहाँ वे चौथे स्थान पर रहे थे। उस प्रतियोगिता में रोहित यादव, यशवीर सिंह और सचिन यादव उनसे आगे थे।
इस साल की शुरुआत में पटियाला में हुए इंडियन ओपन थ्रो कॉम्पिटिशन में भी उन्होंने 76.94 मीटर के थ्रो के साथ दूसरा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था।
54 सदस्यीय भारतीय दल
उल्लेखनीय है कि एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) ने 9 से 12 जुलाई तक ओरडोस में आयोजित इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप के लिए 54 सदस्यीय भारतीय ट्रैक और फील्ड टीम का चयन किया था। इस दल में पुरुष वर्ग में आनंद सिंह और शिवम लोहाकरे को भाला फेंक के लिए चुना गया था।
इनपुट: IANS



