आरा: पुरानी रंजिश में होमगार्ड के बेटे को मारी गोली, हत्या के मामले में रह चुका है अभियुक्त
बिहार के आरा शहर में विजयादशमी की रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक होमगार्ड का बेटा है और खुद एक पुराने हत्या के मामले में नामजद अभियुक्त रह…
बिहार के आरा शहर में विजयादशमी की रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक होमगार्ड का बेटा है और खुद एक पुराने हत्या के मामले में नामजद अभियुक्त रह चुका है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह घटना नवादा थाना क्षेत्र के मौलाबाग इलाके में डीके कार्मेल स्कूल के पास हुई।
घायल की पहचान 33 वर्षीय अमरजीत कुमार यादव के रूप में हुई है, जो होमगार्ड जवान संजय यादव के बेटे हैं और नगर निगम में ड्राइवर का काम करते हैं। अमरजीत के मुताबिक, जब वह मंगलवार रात अपनी बाइक से खाना खाने के लिए एक होटल जा रहे थे, तभी एक स्पलेंडर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। एक गोली उनके सिर के पास से निकल गई, जबकि दूसरी उनके दाहिने कंधे में लगी।
हत्याकांड से जुड़े हैं हमले के तार
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि इस हमले का संबंध एक पुराने हत्याकांड से है। अमरजीत ने जानकारी दी कि इसी साल 2 मार्च 2026 को बिहिया थाना क्षेत्र के झौआ गांव में 17 वर्षीय आदर्श कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस चर्चित हत्याकांड में अमरजीत और उसके दो भाइयों, नवनीत यादव उर्फ लोहा यादव एवं मंजीत यादव को आरोपी बनाया गया था।
अमरजीत का दावा है कि उन्हें उस मामले में झूठा फंसाया गया था और तभी से उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। इस मामले में उनका एक भाई लोहा यादव फिलहाल जेल में बंद है।
पुलिस ने शुरू की छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार अस्पताल पहुंचे और घायल अमरजीत से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली। एसडीपीओ ने बताया कि घायल युवक ने बदले की भावना से हमला किए जाने की बात कही है और दो संदिग्धों के नाम भी बताए हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर छापेमारी शुरू कर दी है।
इनपुट: IANS



