अमरनाथ यात्रा: शुरुआती 15 दिनों में 3.5 लाख से ज़्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, LG ने व्यवस्थाओं का लिया जायज़ा
जम्मू-कश्मीर में चल रही पवित्र अमरनाथ यात्रा ने एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया है। यात्रा शुरू होने के महज़ 15 दिनों के भीतर देशभर से आए 3.5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के पवित्र गुफा…
जम्मू-कश्मीर में चल रही पवित्र अमरनाथ यात्रा ने एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया है। यात्रा शुरू होने के महज़ 15 दिनों के भीतर देशभर से आए 3.5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के पवित्र गुफा में दर्शन किए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है और यात्रा सुचारू रूप से चल रही है।
इसी क्रम में, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को पहलगाम के नुनवान बेस कैंप का दौरा किया। उन्होंने वहां मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की और यात्रा के प्रबंधों का जायज़ा लिया। उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि भगवान शिव की कृपा से यात्रा पूरी तरह व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्राथमिकता
समीक्षा बैठक के दौरान उपराज्यपाल सिन्हा ने अधिकारियों को यात्रा से जुड़े सभी कार्यों को 'मिशन मोड' में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया, "श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी एजेंसियां पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।" उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी चुनौती का त्वरित समाधान निकाला जाए।
उपराज्यपाल ने बेस कैंप और यात्रा मार्ग पर उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। इसमें पेयजल, बिजली आपूर्ति, संचार सेवाएं, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाएं, ठहरने की व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता जैसे अहम पहलू शामिल थे। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा से बचाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
स्थानीय सहयोग की सराहना
मनोज सिन्हा ने यात्रा के सफल संचालन में स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों और सेवा प्रदाताओं के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे हैं और सभी के मिले-जुले प्रयासों से इस पवित्र यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में मदद मिल रही है।
इनपुट: IANS



