यूरोपीय संघ का 7-वर्षीय बजट अधर में, यूक्रेन की फंडिंग पर भी सदस्य देशों में गहरे मतभेद
यूरोपीय संघ (ईयू) के नेता ब्रसेल्स में आयोजित दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में संगठन के अगले सात-वर्षीय बजट और यूक्रेन के लिए वित्तीय सहायता जैसे अहम मुद्दों पर आम सहमति बनाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि…
यूरोपीय संघ (ईयू) के नेता ब्रसेल्स में आयोजित दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में संगठन के अगले सात-वर्षीय बजट और यूक्रेन के लिए वित्तीय सहायता जैसे अहम मुद्दों पर आम सहमति बनाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, बजट के आकार और यूक्रेन की मदद को बजट से जोड़ने के प्रस्ताव पर सदस्य देशों के बीच गंभीर मतभेद उभरकर सामने आए हैं, जिससे किसी समझौते पर पहुँचना मुश्किल हो गया है।
फिलहाल यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा द्वारा पेश किए गए नए प्रस्ताव पर चर्चा हो रही है। इस प्रस्ताव में 2028 से 2034 की अवधि के लिए ईयू के कुल खर्च को 1.58 ट्रिलियन यूरो (करीब 1.74 ट्रिलियन डॉलर) तक सीमित रखने का सुझाव दिया गया है। यह पिछले साल जुलाई में यूरोपीय आयोग द्वारा प्रस्तावित लगभग दो ट्रिलियन यूरो के मूल बजट से काफी कम है। अक्टूबर में आयरलैंड द्वारा पेश एक समझौता प्रस्ताव भी सदस्य देशों के बीच सहमति बनाने में विफल रहा था।
बजट के आकार पर आपत्ति
जर्मनी समेत कई देश प्रस्तावित बजट के आकार को लेकर असहमत हैं। जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि मौजूदा सात-वर्षीय बजट प्रस्ताव इतना बड़ा है कि उनका देश इसका समर्थन नहीं कर सकता। ब्रसेल्स पहुंचने पर उन्होंने पत्रकारों से कहा, "अब तक जो प्रस्ताव सामने आए हैं, वे किसी समझौते का आधार नहीं बन सकते। कुल बजट राशि अभी भी बहुत ज्यादा है।" उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि बजट सदस्य देशों की आर्थिक क्षमता को ध्यान में रखकर तय होना चाहिए और यूक्रेन की मदद का खर्च सभी 27 सदस्य देशों द्वारा साझा किया जाना चाहिए।
यूक्रेन की फंडिंग पर अलग-अलग राय
यूक्रेन के लिए वित्तीय मदद का मुद्दा भी बजट वार्ता में एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। यूरोपीय आयोग ने यूक्रेन को 45 अरब यूरो (करीब 49.38 अरब डॉलर) का कर्ज देने का प्रस्ताव रखा है, जिसकी गारंटी ईयू के बजट से दी जाएगी। यह राशि 2026-27 के लिए पहले से चल रहे 90 अरब यूरो के कर्ज कार्यक्रम के अतिरिक्त होगी।
हालांकि, चेक गणराज्य के प्रधानमंत्री आंद्रेज बाबिस ने यूक्रेन की वित्तीय सहायता को ईयू के दीर्घकालिक बजट से जोड़ने का कड़ा विरोध किया है। उनका मानना है कि यूक्रेन के लिए मदद पर अलग से बातचीत होनी चाहिए। 10 नवंबर को एंटोनियो कोस्टा को लिखे एक पत्र में बाबिस ने कहा था कि यूक्रेन को स्थिर समर्थन की जरूरत है, लेकिन इसे ईयू के बजट की मंजूरी की शर्त नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कोस्टा के नए बजट प्रस्ताव को चेक गणराज्य के लिए 'पूरी तरह अस्वीकार्य' बताया था, क्योंकि इसमें सदस्य देशों के लिए हिस्सेदारी बहुत कम रखी गई है।
इनपुट: IANS



