मेरठ बनेगा एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग का नया केंद्र, अमेरिकी कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन का ₹2,900 करोड़ का निवेश
उत्तर प्रदेश के मेरठ में एडवांस्ड ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग के एक नए युग की शुरुआत हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को यहां वैश्विक दिग्गज 'बॉल कॉर्पोरेशन' की नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की…
उत्तर प्रदेश के मेरठ में एडवांस्ड ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग के एक नए युग की शुरुआत हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को यहां वैश्विक दिग्गज 'बॉल कॉर्पोरेशन' की नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की नींव रखी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह कंपनी एल्युमिनियम बेवरेज कैन बनाने के लिए ₹2,900 करोड़ से अधिक का भारी-भरकम निवेश कर रही है।
भूमिपूजन के मौके पर सीएम योगी ने कहा कि यह प्लांट 'आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश' की यात्रा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने इसे प्रदेश में बढ़ते वैश्विक विश्वास का जीवंत प्रमाण बताया। हाल के कुछ दिनों में CNH इंडस्ट्रियल द्वारा ₹1,200 करोड़ और ताइवान की क्रिएटिव सेंसर द्वारा ₹1,100 करोड़ से अधिक के निवेश की चर्चाओं का भी उन्होंने उल्लेख किया।
मेरठ के लिए एक 'एंकर यूनिट'
मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को क्षेत्र के लिए एक 'एंकर यूनिट' बताते हुए कहा कि इससे हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। साथ ही, यह स्थानीय एमएसएमई, पैकेजिंग सप्लायर्स, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट और रीसाइक्लिंग पार्टनर्स के लिए भी व्यापार के नए रास्ते खोलेगी। सीएम योगी ने कहा, "ओडीओपी स्पोर्ट्स गुड्स के लिए विश्व प्रसिद्ध मेरठ अब स्पोर्ट्स व पारंपरिक उद्योगों के साथ-साथ एडवांस्ड ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग का भी प्रमुख केंद्र बन रहा है।"
क्यों ख़ास है मेरठ की लोकेशन?
सरकार के अनुसार, बॉल कॉर्पोरेशन का मेरठ को चुनना एक दूरदर्शी निर्णय है। इसकी वजह नमो भारत रैपिड रेल, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे और जेवर एयरपोर्ट जैसी परियोजनाओं से मिलने वाली वर्ल्ड-क्लास मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी है। इससे कंपनी को पूरे भारत और वैश्विक बाजार में अपने कारोबार का विस्तार करने में मदद मिलेगी, खासकर तब जब देश में सॉफ्ट ड्रिंक्स, जूस और एनर्जी ड्रिंक्स का बाजार तेजी से बढ़ रहा है।
उत्तर प्रदेश की औद्योगिक छलांग
अपने संबोधन में सीएम योगी ने 2017 के बाद प्रदेश की आर्थिक प्रगति का ब्योरा भी दिया। उन्होंने बताया कि साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में 21,000 से अधिक नई फैक्ट्रियां लगी हैं, जबकि इससे पहले के 70 वर्षों में केवल 14,000 फैक्ट्रियां ही लग पाई थीं। आज प्रदेश में 35,000 से अधिक फैक्ट्रियां हैं और यह देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। उन्होंने बताया कि बीते साढ़े नौ वर्षों में ₹50 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें से ₹15 लाख करोड़ से अधिक धरातल पर उतर चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के अंत में बॉल कॉर्पोरेशन से स्थानीय एमएसएमई से सोर्सिंग बढ़ाने और स्किल डेवलपमेंट में सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कंपनी को भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रोजेक्ट के हर चरण में एक विश्वसनीय पार्टनर की तरह साथ खड़ी रहेगी।
इनपुट: IANS



