ग्रामीणों का शिविर बहिष्कार, SDM ने हाथों-हाथ डिस्पोजल किया: नगर निगम में पंजीकरण काउंटर से गायब 2 कार्मिकों को किया सस्पेंड, यूडीए ने 57 प्रकरण निपटाए – Udaipur News h3>
उदयपुर शहर के अंदर और गांवों में आज ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का शुभारंभ हुआ। पहले ही दिन ग्रामीण क्षेत्र में शहर के पास चीरवा में ग्रामीणों ने शिविर का बहिष्कार कर दिया लेकिन बड़गांव एसडीएम ने गांव वालों की कुछ समस्याओं को उनकी सुनवाई में ही समाधान किया तो उसके बाद शिविर चला। इधर, नगर निगम में कमिश्नर ने शिविर में लापरवाही बरतने वाले दो कार्मिकों को सस्पेंड कर दिया तो यूडीए में पहले दिन 57 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। बड़गांव क्षेत्र के चीरवा में ग्रामीण सेवा शिविर का ग्रामीणों ने बहिष्कार किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि शिविर की सूचना समय पर नहीं दी गई और शिविर को तैयारी के साथ आयोजित किया जाए न कि औपचारिकताएं की जाए। विरोध की स्थिति के बीच एसडीएम मनसुख डामोर मौके पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले ग्रामीणों की लंबे समय से लंबित समस्याओं को सुना। डामोर ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि शिविर में उनकी समस्याओं का हाथों हाथ निस्तारण किया जाएगा। इस बीच उन्होंने सफाई का विषय था हाथों हाथ डिस्पोजल करा दिया। ग्रामीणों ने बाहर हाइवे पर एक्सीडेंटल जोन को लेकर समस्याएं बताई तो एसडीएम ने नेशनल हाइवे की टीम बुलाई। टीम ने ग्रामीणों की बात सुनी और वे जो चाह रहे थे उसके अनुसार काम भी शुरू कर दिया। अन्य समस्याओं को लेकर भी काम शुरू कर दिया गया। इसके बाद शिविर में कई राजस्व के काम निपटाए गए। एक खातेदार का नक्शा शुद्धिकरण का कार्य हाथों हाथ होने से चीरवा निवासी राजेश मेनारिया को राहत मिली। यूडीए पहुंचे प्रभारी मंत्री
उदयपुर जिले के प्रभारी मंत्री हेमंत मीणा ने शुक्रवार को उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) परिसर में संचालित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली तथा शिविर में पहुंचे लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं के तहत लाभ वितरित किए।
निरीक्षण के दौरान सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी, जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल, यूडीए आयुक्त अभिषेक खन्ना, यूडीए सचिव हेमेन्द्र नागर, भाजपा शहर अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, निवर्तमान उपमहापौर पारस सिंघवी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सचिव नागर ने शिविर को लेकर मंत्री को पूरी जानकारी दी। नगर निगम में पहले दिन सैकड़ो प्रकरण आए
नगर निगम उदयपुर द्वारा शुक्रवार से शहरी सेवा शिविर का आगाज किया गया जिसमें पहले ही दिन सैकड़ो की संख्या में शहर वासी पहुंचे और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लिया।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि शहरी सेवा शिविर के अंतर्गत शुक्रवार को शहर में 156 स्थान पर कई समय से रोशनी नहीं होने की शिकायतें प्राप्त हुई थी, शिकायत मिलने की तुरंत पश्चात ही विद्युत शाखा द्वारा 149 स्थान पर रोशनी उपलब्ध करवाई है। शिविर में नामांतरण के 10 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसी के साथ शिविर में 153 जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन आवेदन प्राप्त हुए जिसमें 129 आवेदन में दस्तावेज पूर्ण होने पर प्रमाण पत्र जारी किए गए। शहर में स्वास्थ्य एवं सफाई व्यवस्था से संबंधित कुल 64 शिकायत दर्ज की गई जिसमें से 60 शिकायत का तुरंत निस्तारण करवाया गया। आयुक्त के अनुसार यह सभी कार्य त्वरित गति से किए गए हैं।
15 जुलाई तक अनवरत आयोजित होगा शिविर
निगम आयुक्त खन्ना के अनुसार नगर निगम दीनदयाल उपाध्याय सभागार में राजकीय अवकाश को छोड़कर अन्य दिनों में 15 जुलाई तक प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक अनवरत शहरी सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शहरवासी अपने वंचित कार्य हेतु सभी आवश्यक दस्तावेज के साथ शिविर में उपस्थित होवे जिससे उनके वंचित कार्य बिना किसी समस्या के संपन्न किए जा सके। लापरवाही पर 2 कार्मिकों को लिया निलम्बित
आयुक्त अभिषेक खन्ना के निरीक्षण के दौरान पूछताछ केंद्र पर नियुक्त किए गए दो कार्मिक नदारद मिले जिस पर निगम आयुक्त खन्ना ने कार्य के प्रति लापरवाही बरतने पर दोनों कार्मिक यूडीसी पूजा माथुर और एलडीसी मोहम्मद जक्की को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
