कोटपूतली के एलबीएस कॉलेज की मेरिट सूची जारी: 13 जून तक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फीस जमा करानी होगी – Kotputli-Behror News h3>
कोटपूतली के राजकीय एलबीएस पीजी कॉलजे में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक सेमेस्टर प्रथम की मुख्य मेरिट सूची और प्रतीक्षा सूची जारी कर दी है। कॉलेज प्रशासन ने प्रवेश से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों और अंतिम तिथि की घोषणा की है।
.
13 जून तक जमा करानी होगी फीस
प्राचार्य डॉ. आर. के. सिंह ने बताया कि मुख्य और प्रतीक्षा सूची में शामिल सभी अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत रूप से कॉलेज में उपस्थित होकर अपने मूल दस्तावेजों का सत्यापन करवाना होगा। सत्यापन के तुरंत बाद, अभ्यर्थियों को ई-मित्र के माध्यम से निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा करके अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। दस्तावेज सत्यापन और फीस जमा कराने की अंतिम तिथि 13 जून निर्धारित की गई है।
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होगा
डॉ. सिंह ने स्पष्ट किया कि अंतिम तिथि में किसी भी प्रकार की बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। महाविद्यालय में अंतिम तिथि के बाद विलंब शुल्क के साथ प्रवेश का कोई प्रावधान नहीं रखा गया है। उन्होंने छात्रों से 13 जून तक आवश्यक रूप से कॉलेज पहुंचकर अपने डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फीस जमा कराने का कार्य पूरा करने का आग्रह किया।
प्रवेश समिति के नोडल अधिकारी डॉ. देशराज यादव ने उन छात्रों को राहत दी है जिनके पास अभी तक स्कूल से मूल दस्तावेज नहीं हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाले ऐसे अभ्यर्थी, जिन्हें मूल स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) और मूल चरित्र प्रमाण पत्र (सीसी) प्राप्त नहीं हुए हैं, वे परेशान न हों। ऐसे छात्र एक सामान्य शपथ-पत्र प्रस्तुत करके अपने अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करवा सकते हैं।
हालांकि, इन अभ्यर्थियों को शपथ-पत्र के माध्यम से यह वचन देना होगा कि वे प्रवेश की तारीख से 15 दिनों के भीतर अपनी मूल टीसी और सीसी महाविद्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करवा देंगे।
शुल्क जमा नहीं होने पर निरस्त होगा एडमिशन
नोडल अधिकारी ने चेतावनी दी है कि यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित तिथि 13 जून तक अपने दस्तावेजों का सत्यापन नहीं करवाता है और शुल्क जमा नहीं करता है, तो उसका प्रवेश स्वतः ही निरस्त मान लिया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी स्वयं अभ्यर्थी की होगी।
