लखनऊ के तीन लोगों की गंगा एक्सप्रेसवे पर मौत: जम्मू-कश्मीर से लौट रहे थे; हादसे का शिकार हुई स्कॉर्पियो गाड़ी – Lucknow News h3>
जम्मू-कश्मीर घूमकर लौट रहे लखनऊ के एक परिवार की स्कॉर्पियो गंगा एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चमड़ा कारोबारी अबू वकर (40), उनकी भाभी हिना (28) और 15 वर्षीय भांजी जुनैरा की मौत हो गई, जबकि परिवार के आठ अन्य सदस्य घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को आई झपकी मानी जा रही है। दुर्घटना के समय स्कॉर्पियो अबू वकर स्वयं चला रहे थे। पीछे चल रही कार के चालक ने देखा हादसा हादसा बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे अमरोहा जिले के सैदनगली क्षेत्र में हुआ। स्कॉर्पियो के पीछे कार से आ रहे प्रत्यक्षदर्शी तौकीर ने बताया कि वाहन अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों में शामिल अबू वकर के भाई मोहम्मद उमर ने बताया कि परिवार लखनऊ के चौक स्थित नक्खास इलाके की शीरमाल वाली गली का रहने वाला है। बच्चों की गर्मी की छुट्टियों में पूरा परिवार 1 जून को जम्मू-कश्मीर घूमने गया था। मंगलवार रात वापसी के लिए रवाना हुआ था, लेकिन बुधवार सुबह रास्ते में हादसा हो गया। 8 लोग घायल, कई की हालत गंभीर हादसे में अबू वकर की पत्नी कुलसुम (38), भाई मोहम्मद उमर (32), भांजी सिदरा (14), भांजी हनिया (2), हिना का बेटा मोहम्मद (4), अफ्फान, अफीफा (7) और हामना (10) घायल हुए हैं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर घायलों पर चिकित्सकों की विशेष निगरानी रखी जा रही है। संभल पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल अमरोहा जिले में हादसा होने के बावजूद घटनास्थल संभल जिले की सीमा के अधिक करीब था। सूचना मिलते ही कैलादेवी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की बात सामने आई है। दुर्घटना के अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही घर में मचा कोहराम लखनऊ में जैसे ही परिवार को हादसे की सूचना मिली, घर में कोहराम मच गया। परिजन और पड़ोसी बड़ी संख्या में घर पहुंच गए। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। आसपास के लोग उन्हें सांत्वना देते रहे, लेकिन परिवार के सदस्यों के आंसू नहीं थम रहे थे। पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar PradeshNews