राजगढ़ जिला अस्पताल में पहली जटिल वैस्कुलर सर्जरी सफल: चार साल से परेशान महिला का 5 से 7 लाख खर्च वाला ऑपरेशन निशुल्क किया गया – rajgarh (MP) News h3>
राजगढ़ जिला अस्पताल ने मंगलवार को चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल के पीडियाट्रिक एवं जनरल सर्जन डॉ. अंकुर देशवाली और उनकी टीम ने पहली बार जटिल वैस्कुलर सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इस सर्जरी में 29 वर्षीय महिला के पैर से खून की नसों का एक खतरनाक गुच्छा सुरक्षित रूप से निकाला गया। यह उपचार पूरी तरह निशुल्क किया गया, जबकि निजी अस्पतालों में इस तरह की सर्जरी पर 5 से 7 लाख रुपए तक का खर्च आता है। राजगढ़ निवासी पूजा साहू पिछले चार वर्षों से दाहिने पैर के घुटने के ऊपर बनने वाली एक गांठ से परेशान थीं। यह गांठ कभी अचानक बढ़ जाती, नीली पड़ जाती और असहनीय दर्द का कारण बनती थी, फिर कुछ समय बाद सामान्य हो जाती थी। लंबे समय से चिंतित था परिवार
लगातार बढ़ती परेशानी और अनिश्चितता के कारण परिवार लंबे समय से चिंतित था। मरीज ने जिला अस्पताल में सर्जन डॉ. अंकुर देशवाली से परामर्श लिया। प्रारंभिक जांच के दौरान डॉक्टर को यह सामान्य गांठ नहीं लगी, जिसके बाद उन्होंने वैस्कुलर मालफॉर्मेशन की आशंका जताते हुए सोनोग्राफी और सीटी स्कैन जैसी उच्च स्तरीय जांचें कराईं। जांच रिपोर्ट में पैर में करीब 5×5 सेंटीमीटर आकार का एक वैस्कुलर ट्यूमर सामने आया, जो खून की नसों का एक जटिल गुच्छा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉ. देशवाली के नेतृत्व में डॉ. पोरवाल सहित मेडिकल टीम ने ऑपरेशन की तैयारी की। अत्यधिक रक्तस्राव बड़ा खतरा था
चूंकि ट्यूमर खून की मुख्य नसों से जुड़ा था, इसलिए सर्जरी के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव का बड़ा खतरा था। इसके बावजूद, टीम ने पूरी सावधानी और तकनीकी दक्षता के साथ सफल ऑपरेशन कर ट्यूमर को बाहर निकाल दिया। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति सामान्य बनी हुई है और वह तेजी से स्वस्थ हो रही है। जिला स्तर पर इस तरह की सुपर स्पेशलिटी सर्जरी सफल होने पर सिविल सर्जन डॉ. रजनीश शर्मा ने डॉ. अंकुर देशवाली और उनकी टीम की सराहना की। उन्होंने इसे जिला अस्पताल के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।