राजस्थान की युवाओं को सरकार सिखाएगा विदेशी भाषाएं: मुख्यमंत्री बोले- युवाओं के लिए खुलेंगे ग्लोबल करियर के दरवाजे – Jaipur News h3>
जयपुर में युवाओं के भविष्य को अंतरराष्ट्रीय मंच से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित विदेशी भाषा एवं संचार कौशल कार्यक्रम के जरिए युवाओं को ग्लोबल अवसरों से जोड़ने की पहल की गई, जिससे रोजगार के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार ने इंग्लिश एंड फॉरेन लैंग्वेजेस यूनिवर्सिटी और नेशनल स्किल डेवलपमेंट कारपोरेशन के साथ समझौता किया है। इसके तहत प्रदेश के युवाओं को जर्मन, जापानी, फ्रेंच, रूसी और कोरियन जैसी विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उन्हें देश-विदेश में रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के समय में विदेशी भाषा सीखना विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कोरिया और जापान जैसे देशों में बढ़ती रोजगार संभावनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि यह पहल युवाओं को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएगी। साथ ही, राजस्थान में तेजी से बढ़ते पर्यटन को देखते हुए भाषा कौशल युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ सकता है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस पहल को युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम देश की कौशल क्षमता को मजबूत करेंगे। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में विदेशी भाषाओं का ज्ञान बेहद जरूरी है, लेकिन स्थानीय भाषाओं के संतुलन को भी बनाए रखना उतना ही महत्वपूर्ण है। इस दौरान राज्य सरकार ने विदेशी एजुकेशन के साथ भी एमओयू किया। कंपनी के फाउंडर और सीईओ करुण कंदोई ने बताया कि इस योजना के तहत जिला स्तर पर सेमिनार आयोजित किए जाएंगे और ग्राम पंचायत स्तर तक युवाओं को मार्गदर्शन दिया जाएगा। इससे युवाओं को विदेश में शिक्षा के लिए भाषा चयन और उससे जुड़ी चुनौतियों को समझने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल न केवल युवाओं को रोजगार के नए अवसर देगी, बल्कि उन्हें वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बनाने के लिए भी तैयार करेगी। कार्यक्रम में भजनलाल शर्मा, धर्मेंद्र प्रधान, जयंत चौधरी, प्रेमचंद बैरवा और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी मौजूद रहे।
राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – RajasthanNews