औरंगजेब कब्र विवाद- नागपुर में पथराव-आगजनी, गाड़ियों में तोड़फोड़: औरंगजेब का पुतला फूंकने के बाद हिंसा; DCP को कुल्हाड़ी मारी

54
औरंगजेब कब्र विवाद- नागपुर में पथराव-आगजनी, गाड़ियों में तोड़फोड़:  औरंगजेब का पुतला फूंकने के बाद हिंसा; DCP को कुल्हाड़ी मारी

औरंगजेब कब्र विवाद- नागपुर में पथराव-आगजनी, गाड़ियों में तोड़फोड़: औरंगजेब का पुतला फूंकने के बाद हिंसा; DCP को कुल्हाड़ी मारी

नागपुर23 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

औरंगजेब कब्र विवाद में महाराष्ट्र के नागपुर के महल इलाके में सोमवार रात 8:30 बजे दो पक्षों में हिंसा हो गई। विश्व हिंदू परिषद ने औरंगजेब का पुतला फूंका था, इसके बाद हिंसा भड़की।

अधिकारियों ने बताया- अफवाह फैली कि प्रदर्शनकारियों ने पुतले के साथ एक धार्मिक पुस्तक जलाई है। इससे दो पक्षों में पथराव हुआ। कई गाड़ियों में तोड़फोड़ हुई। दो जेसीबी में आग लगाई गई।

पुलिस ने बवाल कर रहे लोगों को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े हैं। DCP निकेतन कदम पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। हिंसा में कई लोग घायल हैं। पुलिस ने 55 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है।

शहर में BNS की धारा 163 (IPC की धारा 144 की तरह) लागू कर दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए पुलिस की 20 टीमें बनाई गई हैं।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से प्रशासन का पूरा सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा- हम लगातार पुलिस-प्रशासन के संपर्क में हैं। नागपुर एक शांतिपूर्ण शहर है। किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें।

डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा- प्लानिंग के साथ हमला किया गया है। पुलिस पार्टी पर पत्थर फेंके गए हैं। ऐसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। औरंगजेब देश का दुश्मन है। उसके समर्थकों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।

नागपुर DCP अर्चित चांडक ने कहा- गलतफहमी के कारण यह घटना हुई है। स्थिति कंट्रोल में है। सभी से अपील है कि बाहर न निकलें। पत्थरबाजी न करें। कुछ पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। मेरे पैर में भी हल्की चोट आई।

इधर, छत्रपति संभाजी नगर में एहतियातन औरंगजेब की कब्र पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जिले के SP ने बताया कि SRPF की एक कंपनी और दो प्लाटून तैनात कर दिए गए हैं।

कैबिनेट मंत्री बावनकुले नागपुर रवाना सीएम फडणवीस ने महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले से अपने आधिकारिक निवास ‘सागर’ में आधे घंटे तक बैठक की। इसके बाद बावनकुले नागपुर के लिए रवाना हो गए।

सीएम ने उन्हें कल घटना पर रिपोर्ट सौंपने को कहा है। बावनकुले नागपुर के संरक्षक मंत्री हैं। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट से विधायक हैं।

हिंसा से जुड़ी 8 तस्वीरें…

गाड़ी में लगी आग को बुझाने का प्रयास करते लोग।

पुलिस ने पत्थरबाजी कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज किया।

महल इलाके में सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए।

कुछ लोगों ने घर के अंदर पत्थरबाजी की। गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।

पुलिस के मुताबिक, भीड़ ने दो जेसीबी में आग लगाई थी। जिसे बाद में बुझा लिया गया।

पत्थरबाजी में पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।

करीब 10 से ज्यादा गाड़ियां तोड़ी गईं हैं।

पुलिस बोली- हजारों की भीड़ आई, घरों में पत्थर फेंके गए यह घटना चिटनिस पार्क और महल इलाके में हुई। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चिटनिस पार्क से शुक्रवारी तलाव रोड बेल्ट हिंसा से सबसे अधिक प्रभावित थी, जहां दंगाइयों ने कुछ चार पहिया वाहनों को आग के हवाले कर दिया।

घरों पर भी पत्थर फेंके गए। पुलिस हजारों की संख्या में मौजूद भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश कर रही है।

नागपुर में दंगे की घटना के बाद मुंबई में सुरक्षा बढाई गई नागपुर में दंगे की घटना के बाद मुंबई में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मालवणी, भिंडी बाजार, कुर्ला, शिवाजी नगर-मानखुर्द और अंटॉपहिल जैसे मुस्लिम बहुल इलाकों में स्थानीय पुलिस को सतर्क कर दिया गया। मुंबई पुलिस ने भी विभिन्न इलाकों के सभी धर्मों के प्रमुख लोगों से संपर्क कर किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास नहीं रखने की अपील की है।

हिंसा के बाद रिएक्शन…

यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि दो समूहों के बीच विवाद के बाद तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई है। नागपुर पूरे देश में अपनी शांति और सद्भाव के लिए प्रसिद्ध शहर है।

QuoteImage

नितिन गडकरी, केंद्रीय मंत्री

QuoteImage

बाहर से आए विशेष समुदाय के लोगों ने योजना से अलग-अलग समुदायों के लोगों के बीच तनाव पैदा करने की कोशिश की। इन लोगों ने वाहनों में आग लगाई, पत्थरबाजी की।

QuoteImage

प्रवीण दटके, भाजपा विधायक

QuoteImage

कानून व्यवस्था सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। नागपुर में हुई हिंसा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हालात नियंत्रण से बाहर हैं।

QuoteImage

आनंद दुबे, शिवसेना (UBT) प्रवक्ता

VHP बजरंग दल ने की थी औरंगजेब कब्र हटाने की मांग

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर (पहले औरंगाबाद) में स्थित औरंगजेब की कब्र हटाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने महाराष्ट्र सरकार से इसे जल्द हटाने की मांग की है। विवाद के बीच कब्र की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

विश्व हिंदू परिषद (VHP) महाराष्ट्र और गोवा के क्षेत्रीय मंत्री गोविंद शेंडे ने औरंगजेब की कब्र को गुलामी का प्रतीक बताया। उन्होंने सोमवार को कहा- औरंगजेब ने छत्रपति संभाजी महाराज को मारने से पहले 40 दिनों तक यातना दी थी। ऐसे क्रूर शासक का निशान क्यों रहना चाहिए।

उधर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक कार्यक्रम में कहा- क्रूर औरंगजेब के बर्बर विचारों का महिमामंडन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उस विचार को वहीं कुचल दिया जाएगा।

हिंदू संगठन ने महाराष्ट्र में प्रदर्शन किया था औरंगजेब की कब्र हटाने की मांग को लेकर सोमवार सुबह महाराष्ट्र में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (VHP) की ओर से प्रदर्शन किया था। इस दौरान मुगल आक्रांताओं के पुतले भी जलाए गए थे।

नागपुर में भी बजरंग दल ने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया था।

टी राजा ने भी कब्र हटाने की मांग की

तेलंगाना के गोशामहल से भाजपा विधायक हिन्दूवादी नेता टी राजा सिंह ने भी कब्र हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा- मैं VHP और बजरंग दल की मांग का समर्थन करता हूं।

इससे पहले टी राजा सिंह ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को 15 मार्च को लिट्‌ठी लिखी थी। उन्होंने छत्रपति संभाजी नगर जिले में स्थित मुगल सम्राट औरंगजेब के मकबरे के रखरखाव पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा आवंटित खर्च का विवरण मांगा है।

उन्होंने कहा- आखिर हिंदू राजाओं की हत्या, मंदिरों को तोड़ने वाले और हमारी संस्कृति का दमन करने वाले औरंगजेब के मकबरे पर सरकारी खर्च का क्या औचित्य है? करदाताओं का एक भी रुपया उस तानाशाह की कब्र के रखरखाव पर खर्च नहीं किया जाना चाहिए, जिसने हमारे पूर्वजों को बहुत पीड़ा दी। इसे फौरन रोकना चाहिए।

राउत बोले- ये मराठाओं के शौर्य का स्मारक शिवसेना उद्धव गुट के नेता संजय राउत ने कब्र विवाद को लेकर भाजपा नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- औरंगजेब की कब्र मराठाओं के शौर्य का एक स्मारक है। यह आने वाले पीढ़ी को बताएगा कि किस तरह से शिवाजी महाराज और मराठा सैनिक आक्रांताओं से लड़ते रहे।

बजरंग दल नेता बोले- बाबरी मस्जिद जैसा ही हश्र होगा इससे पहले शनिवार को बजरंग दल के नेता नितिन महाजन ने औरंगजेब की कब्र हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ऐसा करने में विफल रहती है तो इसका भी बाबरी मस्जिद जैसा ही हश्र होगा।

महाजन ने कहा- औरंगजेब की कब्र पर इबादत की जा रही है। संभाजी के हत्यारे की कब्र बनाई जा रही है। जब ऐसी कब्रों पर इबादत की जाती है तो समाज भी उसी तरह विकसित होता है। उस समय हम असहाय थे, लेकिन अब विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल मांग कर रहे हैं कि इसे हटाया जाना चाहिए।

हम जानते हैं कि जब हिंदू समुदाय अपने अस्तित्व को लेकर आंदोलन करता है तो क्या होता है। हम सभी ने देखा कि अयोध्या में बाबरी ढांचे को हटाने के लिए क्या हुआ। अगर सरकार कब्र नहीं हटाती है, तो हम कारसेवा करेंगे।

पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए

औरंगजेब की कब्र वाले इलाके में पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। विभिन्न स्थानों पर बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं। ऐसी व्यवस्था की गई है कि वहां केवल एक ही व्यक्ति प्रवेश कर सके। औरंगजेब के मकबरे का मुख्य द्वार पुलिस ने बंद कर दिया है। औरंगजेब की कब्र के पास जाना भी प्रतिबंधित कर दिया गया है। फिलहाल औरंगजेब के मकबरे को बाहर से ही देख सकते हैं।

कांग्रेस बोली- कब्र हटाने से क्या मिलेगा

महाराष्ट्र में कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने कहा- बजरंग दल और VHP के पास करने के लिए और कुछ नहीं बचा है। वे नहीं चाहते कि महाराष्ट्र के लोग शांति से रहें। वे राज्य में विकास की गति को धीमा करना चाहते हैं। मैं उनसे कहना चाहूंगा कि औरंगजेब 27 साल तक यहां रहे और वे राज्य के लिए कुछ नहीं कर पाए। अब उनकी कब्र हटाने के बाद उन्हें क्या मिलेगा।

1707 में बनी थी औरंगजेब की कब्र

दरअसल, मुगल सम्राट औरंगजेब की कब्र महाराष्ट्र के खुल्दाबाद में है। इतिहासकारों के मुताबिक, 1707 में जब औरंगजेब का निधन हुआ, तो उनकी इच्छा के अनुसार उन्हें खुल्दाबाद में उनके आध्यात्मिक गुरु शेख जैनुद्दीन की दरगाह के पास दफनाया गया। यह स्थान छत्रपति संभाजीनगर से करीब 25 किमी दूर है।

औरंगजेब की कब्र एक साधारण मिट्टी की बनी हुई थी, जिसमें बाद में ब्रिटिश वायसरॉय लॉर्ड कर्जन ने संगमरमर लगवाया था। इस स्थान को ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है, जहां लोग आज भी श्रद्धांजलि देने पहुंचते हैं।

————————————————————–

औरंगजेब विवाद से जुड़ी और खबरें पढ़ें…

औरंगजेब की कब्र के विवाद पर प्रमोद कृष्णम् बोले:कब्र तोड़ना तालिबान का काम, भारत की संस्कृति मुर्दों से लड़ने की नहीं

औरंगजेब की कब्र को लेकर छिड़े विवाद के बीच के पूर्व कांग्रेसी नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम् ने रविवार को मुरादाबाद में बड़ा बयान दिया। कृष्णम् ने कहा- कब्र तोड़ना तालिबान का काम है। भारत की संस्कृति मुर्दों से लड़ने की नहीं है। बता दें कि महाराष्ट्र के औरंगाबाद में हिंदू संगठनों द्वारा औरंगजेब की कब्र तोड़ने की मांग की गई है। इस पर विवाद छिड़ा है। पूरी खबर पढ़ें…

अबू आजमी बजट सत्र तक के लिए सस्पेंड:औरंगजेब को लेकर विवादित बयान दिया था; योगी बोले- यूपी बुलाइए, इलाज कर देंगे

मुगल शासक औरंगजेब की तारीफ करने के बाद महाराष्ट्र के सपा विधायक अबू आजमी को पूरे बजट सत्र के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। संसदीय कार्य मंत्री चंद्रकांत पाटील ने सदन में एक प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि आजमी ने जो टिप्पणी की, उससे सदन की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है, जिसके कारण उनकी सदस्यता को बजट सत्र के लिए निलंबित करने का प्रस्ताव रखा गया था। पूरी खबर पढ़ें...

खबरें और भी हैं…

देश की और खबर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे – Breaking News News