मुख्य समारोह के लिए नेहरू स्टेडियम तैयार

4
मुख्य समारोह के लिए नेहरू स्टेडियम तैयार

मुख्य समारोह के लिए नेहरू स्टेडियम तैयार

दरभंगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह की प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। मुख्य समारोह लहेरियासराय स्थित नेहरू स्टेडियम में मनाया जाएगा। इसके लिए नेहरू स्टेडियम सज-धजकर तैयार हो गया है। मुख्य समारोह स्थल आकर्षक छटा बिखेरने लगा है। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। नेहरू स्टेडियम में सुबह 09:05 बजे राज्य के स्वास्थ्य और कृषि मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री मंगल पांडेय ध्वजारोहण करेंगे। मुख्य समारोह के बाद 09:45 बजे प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में झंडोत्तोलन किया जाएगा। इसके बाद 10 बजे पुलिस महानिरीक्षक, मिथिला प्रक्षेत्र कार्यालय में, 10:15 बजे समाहरणालय में, 10:25 बजे एसएसपी कार्यालय में, 10:35 बजे डीडीसी कार्यालय में, 10:45 बजे सदर एसडीओ कार्यालय में, 11:00 बजे पुलिस लाईन में तथा 11:15 बजे जिला परिषद में झंडोत्तोलन होगा। नेहरू स्टेडियम में दोपहर 02:30 बजे क्रिकेट प्रदर्शनी मैच एवं शाम छह बजे दरभंगा ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा।

इसके साथ ही सुबह आठ बजे डीएम के आवासीय परिसर में झंडोत्तोलन किया जाएगा। 08:15 बजे आयुक्त के आवासीय परिसर में झंडोत्तोलन किया जाएगा। मुख्य समारोह में बीएमपी 13, डीएपी (पुरुष/महिला), गृह रक्षा वाहिनी, फायर ब्रिगेड, एनसीसी के सीनियर, जूनियर एवं जूनियर बालिका तथा भारत स्कॉट एंड गाईड शामिल होंगे। झंडोत्तोलन के बाद राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी जाएगी और फिर प्रभारी मंत्री का अभिभाषण होगा।

राष्ट्रीय ध्वज की खूब हुई बिक्री: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बुधवार को शहर में तिरंगे की खूब बिक्री हुई। इसके लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर अस्थायी दुकानें लगायी गयी हैं। इन दुकानों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ नजर आयी। सबसे अधिक उत्साह युवाओं और बच्चों में दिख रहा था। बच्चे जहां तिरंगा खरीदने की जिद कर रहे थे, वहीं लड़कियों को हेयर बैंड आदि खरीदते देखा गया। इसके अलावा रिस्ट बैंड, टोपी आदि समेत तिरंगे के रंग में रंगी अन्य सामग्री की भी खूब बिक्री हुई। बिक्री अच्छी होने से दुकानदार भी खुश दिख रहे थे।

जिले के चयनित 71 महादलित टोलों में किया जाएगा झंडोत्तोलन

जिले के चयनित 71 महादलित टोले में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रतिनियुक्त अधिकारी की उपस्थिति में झंडोत्तोलन होगा। झंडोत्तोलन करने के लिए टोले के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति का नाम प्रखंड स्तर से चयनित कर भेजा गया है। डीएम राजीव रौशन एवं एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी बहादुरपुर प्रखंड के ओझौल पंचायत के रविदास टोल कदम चौक पर झंडोत्तोलन में भाग लेंगे। इनके अलावा जिला स्तरीय अन्य पदाधिकारियों को भी विभिन्न पंचायतों में प्रतिनियुक्त किया गया है। सभी बीडीओ व सीओ अपने प्रखंड क्षेत्र के महादलित टोले में झंडोत्तोलन में शामिल होंगे।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News