Delhi Liquor Scam | 320 तक पहुंचा अरविंद केजरीवाल का शुगर लेवल, तिहाड़ जेल में दी गई इंसुलिन | Navabharat (नवभारत) h3>
अरविंद केजरीवाल को तिहाड़ जेल के अंदर पहली बार इंसुलिन दिया गया है, क्योंकि उनका शुगर 300 के पार पहुंच गया था।
नई दिल्ली: दिल्ली के शराब घोटाले मामले (Delhi Liquor Scam) में जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) की बीमारी को लेकर आप (AAP) पार्टी ने कई तरह के आरोप लगाए हैं। जिसकी वजह से आम आदमी पार्टी और बीजेपी (BJP) के बीच जमकर बयानबाजी भी हो रही। ऐसे में अब खबर मिली है कि अरविंद केजरीवाल को तिहाड़ जेल के अंदर पहली बार इंसुलिन (Insulin) दिया गया है, क्योंकि उनका शुगर (Kejriwal Sugar Level) 300 के पार पहुंच गया था।
केजरीवाल को दिया गया इंसुलिन
तिहार जेल के सूत्रों की मानें तो केजरीवाल का शुगर लेवल लगातार बढ़ने लगा था। उनका शुगर लेवल 320 तक पहुंच गया था। जिसके बाद उन्हें इंसुलिन दी गई है। जेल जाने के बाद यह पहली बार है जब केजरीवाल को इंसुलिन दिया गया है। जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले तिहाड़ जेल में केजरीवाल को इंसुलिन न दिए जाने की वजह से आप के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और नेताओं ने प्रदर्शन किया था।
आप का आरोप- CM को दी जा रही धीमी मौत
अवगत हो कि आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया था कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को तिहाड़ जेल के अंदर ‘धीमी मौत’ की तरफ भेजा जा रहा है। जिसके बाद पार्टी ने यह सवाल खड़ा किया था कि आखिर क्यों अधिकारी उन्हें इंसुलिन देने से इनकार कर रहे हैं। जिसके बाद दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने इस दावे को खारिज किया था।
ED का आरोप- केजरीवाल खा रहे मिठाई
गौरतलब है कि दिल्ली कैबिनेट मंत्री आतिशी ने यह दावा किया था कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल में मिल रहे घर के भोजन को रोककर उनकी जान लेने का ‘बड़ा षडयंत्र’ रचा जा रहा है। जिसके बाद ईडी ने एक अदालत में दावा किया था कि केजरीवाल ‘टाइप 2’ मधुमेह से पीड़ित होने के बावजूद वह हर दिन आम और मिठाई जैसे उच्च शर्करा वाले खाद्य पदार्थ खा रहे हैं, ताकि मेडिकल आधार पर उन्हें ज़मानत मिल सके।
29 अप्रैल को होगी सुनवाई
बात दें कि दिल्ली शराब घोटाले मामले में ईडी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। उनकी गिरफ्तारी से पहले ईडी ने उन्हें पूछताछ के लिए 9 समन जारी किए थे, जिसे वह टालते जा रहे थे। वहीं गिरफ्तार होने के बाद केजरीवाल लगभग 10 दिन तक ईडी की हिरासत मे रहे। फिर 1 अप्रैल को उन्हें अदालत ने 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। उसके बाद 15 अप्रैल को कोर्ट ने उन्हें फिर 23 अप्रैल तक की हिरासत में भेज दिया। जबकि गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली उनकी याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में 29 अप्रैल को फैसला सुनाएगा।

