वन-वे | Indore#Jawahar MargMG Road | News 4 Social

18
वन-वे | Indore#Jawahar MargMG Road | News 4 Social

वन-वे | Indore#Jawahar MargMG Road | News 4 Social


इंदौर. यातायात सुगम बनाने के लिए एमजी रोड और जवाहर मार्ग पर वन-वे का प्रयोग किया गया। संबंधित विभागों ने आठ दिन बाद व्यवस्था का रिव्यू किया, जिसमें सभी ने एक सुर में कहा कि यह प्रयोग सफल रहा है। दोनों ही मार्ग पर जाम की समस्या से निजात मिल गई। हालांकि, कुछ खामियां हैं जिन्हें दूर किया जाना चाहिए। इधर, गुरुवार को जनप्रतिनिधियों व व्यापारियों की बैठक बुलाई है, जिसमें सुझाव लिए जाएंगे।
नेहरू स्टेडियम स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय पर एमजी रोड और जवाहर मार्ग वन-वे को लेकर रिव्यू बैठक हुई। इसमें महापौर पुष्यमित्र भार्गव, कलेक्टर आशीषसिंह, नगर निगम कमिश्नर हर्षिका सिंह, यातायात पुलिस अतिरिक्त कमिश्नर मनीष अग्रवाल और यातायात इंजीनियर अतुल सेठ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। यातायात पुलिस ने बताया, दोनों ही मार्ग पर आए दिन जाम की खबर मिलती थी। जब से वन-वे व्यवस्था की है, तब से जाम नहीं लगा है। बहुत राहत है। वनवे को लागू कर देना चाहिए।
होगा सुधार: यह बात भी सामने आई कि कुछ खामियों से अव्यवस्था फैल रही है। सुधारें तो समस्या हल हो सकती है। इसमें प्रमुख रूप से दोनों ही मार्ग की 37 गलियों का जिक्र आया, जहां खंबे, गड्ढे, व्यापारियों के कब्जे हैं। उसके अलावा टोरी कॉर्नर, मालगंज, बंबई बाजार, सीतलामाता बाजार, सुभाष चौक जैसी जगहों पर सिग्नल लगाए जाने की बात भी सामने आई।

पुलिस बल को रहना होगा मुस्तैद
महापौर ने कहा, पुलिस बल को मुस्तैद रहना पड़ेगा और भी बल लगाने की आवश्यकता है। जब तक जनता को आदत ना हो, तब तक दल-बल को मेहनत करनी होगी। यातायात पुलिस अति. कमिश्नर अग्रवाल का कहना था कि हम व्यवस्था जुटाएंगे। इधर, भार्गव ने सिटी बस और ई-रिक्शा को लेकर भी प्लान बनाने का कहा है। उसकी वजह से राजबाड़ा और कृष्णपुरा के बीच में जाम लगता है। एआइसीटी- सीएल अफसरों को सिटी बस का रूट प्लान करने के निर्देश दिए हैं।

कारोबार पर असर, समस्या बताएंगे
जवाहर मार्ग को वन-वे करने का फैसला करने वाले सभी विभागों के अधिकारियों ने रिव्यू बैठक में सकारात्मक रिपोर्ट पेश की। यातायात इंजीनियर सेठ ने तो नियमित रोड का दौरा कर प्रयोग को सफल बताया। इसके बाद अब जनप्रतिनिधि और व्यापारियों से भी बात की जाएगी। 18 जनवरी को एक बैठक बुलाई जा रही है, जिसमें सभी को आमंत्रित किया जाएगा। सभी के सुझाव लिए जाएंगे। कुछ व्यापारियों का कहना है कि उनके कारोबार में फर्क आया है।

पार्किंग की वजह से होती है गड़बड़
जवाहर मार्ग पर पार्किंग की वजह से भी स्थिति गड़बड़ाती है। इसके लिए व्यापारियों के वाहनों की पार्किंग नंदलालपुरा, बजाजखाना, सुभाष चौक और प्रेमसुख टॉकीज की पार्किंग में करने की बात भी सामने आई।

ई रिक्शा : रूट पर चलेंगी, रंग व नंबर होंगे
शहर में हजारों की संख्या में ई-रिक्शा हो गई हैं। राजबाड़ा और आसपास सैकड़ों की संख्या में खड़ी रहती हैं। ट्रैफिक जाम की एक वजह यह भी है, जिसको व्यवस्थित करने के लिए प्लान भी बनाया जा रहा है। आरटीओ को कहा गया है कि वे एक प्लान बनाएं, जिसमें ई-रिक्शा के रूट तय हो। रूट के हिसाब से उनका रंग होगा और नंबर भी रहेगा। अलग-अलग रूट बनाकर मौजूदा रिक्शों की लॉटरी की जा सकती है, ताकि किसी को कोई आपत्ति ना रहे। रूट से अलग चलाने पर चालानी कार्रवाई होगी और जब्ती भी की जाएगी। यातायात को सुधारने की दिशा में यह एक बड़ा कदम होगा। आरटीओ जल्द ही इसका प्रेजेंटेशन बनाकर पेश करेंगे।

रिव्यू बैठक में सभी विभागों ने वन-वे को सफल बताया है। कुछ खामियां हैं, जिन्हें दूर किया जाएगा। वन-वे लागू करने से पहले सभी जनप्रतिनिधि और व्यापारियों से बात की जाएगी। इसके लिए 18 जनवरी को एक बैठक बुलाई जा रही है।
– पुष्यमित्र भार्गव, महापौर

मध्यप्रदेश की और खबर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे – Madhya Pradesh News