देखें video: प्रार्थना, आराधना के साथ नए साल की शुरुआत, फूड जोन और मेले का लिया आनंद h3>
भोपाल. नए साल के पहले दिन की शुरुआत आराधना, प्रार्थना, इबादत, अरदास के साथ हुई। इस दौरान फूड जोन लगे और मेले जैसा नजारा रहा। शहर के प्रमुख 20 मंदिरों में सुबह से रात्रि तक 3 लाख से अधिक दर्शनार्थियों ने देवदर्शन किए।
बिड़ला मंदिर में इतनी भीड़ कि खोलने पड़े तीनों गेट
शहर के बिड़ला मंदिर के पट सुबह से रात्रि तक दर्शनार्थियों के लिए खुले रहे, यहां दर्शन के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरे दिन यहां दर्शन के लिए लोगों की आवाजाही चलती रही, और शाम से रात्रि तक भी लोग पूजा अर्चना करते रहे। दर्शन के साथ-साथ शहर का सौंदर्य निखारने के लिए परिसर में भी लोग बड़ी संख्या में थे। मंदिर के प्रबंधक केके पांडेय ने बताया कि दोपहर भीड़ को देखते हुए पूर्वी के साथ उत्तरी व दक्षिणी द्वार खोल दिया।
गुफा मंदिर में मेला
शहर के गुफा मंदिर में भी सुबह भगवान भोलेनाथ का रूद्राभिषेक और हनुमान का सहस्त्रधारा अभिषेक किया। इस मौके पर वैदिक पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ जगत कल्याण, विश्व शांति, सुख और समृद्धि की कामना की। मंदिर के पट सुबह से रात्रि तक खुले रहे और यहां पूरे दिन दर्शनार्थियों की भारी भीड़ लगी रही। मंदिर परिसर में दुकानें भी लगाई गई थीं और यहां पूरे दिन मेले की तरह नजारा रहा।
गुरुद्वारों में अरदास, नाम सिमरण
शहर के गुरुद्वारों में भी नववर्ष के उपलक्ष्य में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माथा टेका। शहर के गुरुद्वारा गुरुनानक टेकरी में 31 दिसंबर की रात में कीर्तन दरबार सजाया गया था और पूरी रात यहां नाम सिमरण हुआ, जो सोमवार सुबह तक जारी रहा। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के परमवीर ङ्क्षसह वजीर ने बताया कि सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु माथा टेकने पहुंचे।
गिरजाघरों में प्रार्थना
शहर के गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना की गई। गोङ्क्षवदपुरा के सेंट जांस चर्च में प्रार्थना का आयोजन किया गया। इस मौके पर सभी ने एक दूसरे को नववर्ष की बधाई दी। रेव्ह अनिल मार्टिन ने बताया कि इस दौरान वर्ष में जाने अनजाने में हुए बुरे कर्मों को लिए प्रायश्चित्य किया गया और सेवा कार्य करने का संकल्प लिया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
महालक्ष्मी मंदिर में सेल्फी पाइंट पर भीड़
शहर के महालक्ष्मी मंदिर में भी सुबह से रात्रि तक दर्शन का सिलसिला चलता रहा। यहां सुबह से ही दर्शनार्थियों की भारी भीड़ रही। मंदिर परिसर में दो सेल्फी पाइंट बनाए गए थे, जहां लोग सेल्फी ले रहे थे, साथ ही परिसर में फूड जोन भी बनाए थे और बच्चों के लिए कई मनोरंजक गेम्स थे। मंदिर में सुबह से रात्रि 12 बजे तक दर्शन का सिलसिला चलता रहा। इसमें सुबह से रात्रि 8:30 बजे तक 58 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।