Delhi Weather: दिल्‍ली में बारिश का इंतजार, नोएडा में झमाझम… लगातार घट-बढ़ रहा यमुना का पानी

6
Delhi Weather: दिल्‍ली में बारिश का इंतजार, नोएडा में झमाझम… लगातार घट-बढ़ रहा यमुना का पानी

Delhi Weather: दिल्‍ली में बारिश का इंतजार, नोएडा में झमाझम… लगातार घट-बढ़ रहा यमुना का पानी

नई दिल्ली: मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना के बीच दिल्ली के लोग बारिश का इंतजार कर रहे हैं। दिल्‍ली से सटे नोएडा में मंगलवार रात से मौसम बदला। ठंडी हवाएं चलने लगीं। सुबह होते-होते कई जगहों पर बारिश होने लगी। वहीं, दिल्‍ली में मौसम शुष्क ही बना हुआ है। हालांकि कई जगहों पर बादल दिखाई दिए। बादलों की वजह से तापमान में भी दो डिग्री के करीब की कमी आई। लेकिन इससे लोगों को राहत नहीं मिली। मौसम विभाग के अनुसार 28 जुलाई तक मध्यम बारिश की संभावना है। इसके बाद एक बार फिर उमस भरी गर्मी परेशान करेगी। बुधवार को भी बादल छाए रहेंगे। मध्यम गति की बारिश होगी। तापमान में और थोड़ी गिरावट हो सकती है। अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रह सकता है। 28 जुलाई तक मौसम इसी तरह का बना रहेगा। मध्यम बारिश होगी। अधिकतम तापमान 34 तो न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री के आसपास बना रहेगा। इसके बाद 29 से 31 जुलाई तक एक बार फिर उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री तक रह सकता है। हल्की बारिश हो सकती है।

दिल्‍ली के मौसम का पूर्वानुमान

लगातार घट-बढ़ रहा यमुना का पानी
बाढ़ व सिंचाई विभाग के अफसरों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक यमुना का जलस्तर ऊपर-नीचे होता रहेगा। पानी सिर्फ यमुना के किनारों तक ही सीमित रहेगा। इसलिए निचले इलाकों में रहने वालों को कुछ खास समस्या नहीं होगी। अफसरों का कहना है सोमवार देर रात से जलस्तर में बढ़ोतरी शुरु हुई, जो मंगलवार सुबह 4 बजे तक एक या दो सेंटीमीटर तक बढ़ी। तब जलस्तर करीब 206.57 मीटर रेकॉर्ड किया गया। वहीं मंगलवार रात 7 बजे तक जलस्तर कम होकर 205.32 मीटर तक सिमट गया। हालांकि अनुमान है कि बुधवार सुबह 3 बजे तक जलस्तर 205.47 मीटर तक पहुंच सकता है।

लेवल बढ़ने की वजह का पता नहीं चल रहा है
अफसरों का कहना है कि सोमवार से ही हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़ने की रफ्तार काफी धीमी है। बैराज से हर घंटे करीब 30-35 हजार क्यूसेक पानी ही छोड़ा जा रहा है। इस हिसाब से जलस्तर में लगातार गिरावट होनी चाहिए, लेकिन कभी यह कम होने लगता है, तो कभी बढ़ने लगता है। ऐसा क्यों हो रहा है, इसकी कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल पा रही है। पहले हरियाणा में यमुना नगर के आसपास के खेतों से पानी आ रहा था, लेकिन अब खेतों से उतना पानी भी नहीं आ रहा है। इसके बाद भी जलस्तर कम और ज्यादा हो रहा है।

मंगलवार को दिल्ली में कैसा रहा मौसम
मंगलवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से एक डिग्री अधिक है। हवा में नमी का स्तर बढ़कर 60 से 83 प्रतिशत तक हो गया। इसकी वजह से लोग गर्मी से और अधिक परेशान हुए। राजधानी के सबसे गर्म इलाकों में नजफगढ़ ही शामिल रहा। यहां का अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री रहा, वहीं डीयू का 37.2 डिग्री और पीतमपुरा का 37 डिग्री रहा। वहीं नजफगढ़ का न्यूनतम तापमान भी 31.5 डिग्री रहा। पीतमपुरा का न्यूनतम तापमान 31.8 डिग्री और सीडब्ल्यूजी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का 31.5 डिग्री रहा।

दिल्ली की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News