बिहार अध्यापक नियुक्ति नियमावली 2023 बेरोजगार बनाए रखने वाली: शत्रुघ्न

14
बिहार अध्यापक नियुक्ति नियमावली 2023 बेरोजगार बनाए रखने वाली: शत्रुघ्न

बिहार अध्यापक नियुक्ति नियमावली 2023 बेरोजगार बनाए रखने वाली: शत्रुघ्न

ऐप पर पढ़ें

बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। बिहार अध्यापक नियुक्ति नियमावली 2023 बेरोजगार बनाए रखने वाली है। बिहार में शिक्षकों के लाखों पद रिक्त हैं। उसमें केवल 1 लाख 70 हजार पदों की रिक्ति सरकार ने जारी की है जबकि 4 लाख शिक्षक पहले से नियुक्त हैं। शेष बचे शिक्षकों का क्या होगा। इसपर नियमावली चुप है। बीपीएससी की परीक्षा पास करने के बाद 17 वर्षों की सेवा का क्या होगा। उसके सम्बन्ध में नियमावली में कोई चर्चा नहीं है। ये बातें पूर्व सांसद व बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के महासचिव शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने कहीं।

बिहार अध्यापक नियुक्ति नियमावली 2023 की शिक्षा और शिक्षक विरोधी प्रावधानों के विरोध में जिला माध्यमिक शिक्षक संघ की ओर से समाहरणालय पर धरना-सत्याग्रह के 12वें दिन जिले के प्राथमिक शिक्षक संघों के साथ संयुक्त धरना में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई हमारी इज्जत और आबरू की है। अकेले यह लड़ाई नहीं जीती जा सकती है। लोकतंत्र में राजनीतिक दलों व विधायकों का समर्थन जरूरी होता है। नियमावली की कंडिका 8 में अंकित करना होगा कि सबों को बिना शर्त राज्य कर्मी का दर्जा दी जाती है।

सीपीआई के बखरी विधायक सूर्यकांत पासवान व तेघड़ा विधायक रामरतन सिंह ने शिक्षकों की मांग के जायज ठहराया। कहा कि शिक्षकों को राज्य कर्मी का दर्जा देने की मांग का समर्थन करते हैं। बखरी विधायक सूर्यकांत पासवान ने कहा कि शिक्षकों की लड़ाई सबों की है। विधान सभा के अन्दर मजबूती से उनकी मांगों के लिए संघर्ष करेंगे। अध्यक्षता जिला माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष उमानन्द चौधरी ने की तथा संचालन जिला सचिव रंजीत कुमार ने किया। धरना-सत्याग्रह के अंत में उड़ीसा में कोरोमंडल रेल हादसे में मृत आत्मा के प्रति दो मिनट शोक श्रद्धांजली अर्पित की गई। मौके पर अविनाश शास्त्री, टीईटी प्रारम्भिक शिक्षक संघ के मिलन कुमार मिश्र, मनोहर राय, मुकेश कुमार मिश्र, ज्ञान प्रकाश, साकेत सुमन, रामकल्याण पासवान, राजीव कुमार, वशीउल हक अंसारी, आनन्द कौशल, राजू सिंह, जिला माध्यमिक शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष भगीरथ प्रसाद राय, फैजुर रहमान, अर्चना, गणेश झा, सुशील कुमार चौधरी, अपूर्व घोष, सुधीर सिंह, सुबोध कुमार, मुकेश कुमार, अल्का कुमारी, कामिनी कुमारी, माला कुमारी, समीम अख्तर, नैयर इकवाल, खुर्शीद आलम, पवन कुमार, सुदर्शन कुमार आदि थे।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News