MI VS CSK IPL 2023 Live : चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, मुंबई इंडियंस पहले करेगा बल्लेबाजी
MI VS CSK IPL 2023 Live : मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच शनिवार को आईपीएल 2023 का 12वां मुकाबला खेला जा रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एमएस धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरेगी। दोनों टीमें बदलाव के साथ इस मैच में उतरी हैं। मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर इस मैच में नहीं खेल रहे हैं, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स ने दो बदलाव किए हैं।
रोहित शर्मा की अगुवाई में मुंबई इंडियंस की टीम शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग के 12वें मुकाबले में जब अपने घरेलू मैदान पर चिर प्रतिद्वंद्वी चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैदान में उतरेगी तो उसके सामने सत्र के शुरुआती मुकाबले में मिली हार को पीछे छोड़ने की चुनौती होगी।
मुंबई इंडियंस आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीम जबकि चेन्नई सुपरकिंग्स चार खिताब के साथ दूसरे नंबर पर है। साल 2022 में आईपीएल की बड़ी नीलामी के बाद बाद से दोनों टीमें संघर्ष कर रही है। मुंबई और चेन्नई की आईपीएल प्रतिद्वंद्विता को आईपीएल की ‘एल क्लासिको’ के नाम से जाना जाता है। दोनों टीमों के बीच 34 मुकाबलों में हालांकि 20 जीत के साथ मुंबई का पलड़ा भारी रहा है।
Mumbai Indians vs Chennai Super Kings Live Hindi Commentary
7:01 PM MI vs CSK IPL live : चेन्नई सुपर किंग्स ने जीता टॉस
चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
6:54 PM MI vs CSK Live score : चेन्नई की सलामी जोड़ी से रहना होगा बचकर
चेन्नई सुपर किंग्स के गायकवाड़ का बल्ले से जबरदस्त फॉर्म और कॉनवे के साथ उनकी जोड़ी इस टीम का सबसे मजबूत पक्ष है। गायकवाड़ ने शुरुआती दोनों मैच में अर्धशतक जड़कर अपने बल्ले की ताकत दिखायी है। टीम को उम्मीद होगी कि दायें हाथ का यह बल्लेबाज अपनी लय को बनाये रखे।
6:48 PM MI vs CSK IPL live : चेन्नई की गेंदबाजी कमजोर कड़ी
वानखेड़े की पिच पर शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है लेकिन चेन्नई के पास कम अनुभव वाले तेज गेंदबाज है। ऐसे में मुंबई इंडियंस की टीम इसका फायदा उठाना चाहेगी।
6:40 PM MI vs CSK Live score : रोहित की फॉर्म चिंता का विषय
मुंबई के कप्तान रोहित पर लोगों का ज्यादा ध्यान होगा। वह पिछले सत्र में बल्ले से करिश्मा करने में विफल रहे थे। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ तेज शुरुआत की थी लेकिन अपनी पारी को बड़े स्कोर में बदलने में नाकाम रहे।
6:25 PM MI vs CSK IPL live : घरेलू मैदान पर जीतने का होगा दबाव
मुंबई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने रविवार को आठ विकेट की करारी शिकस्त दी थी। टीम लगभग एक सप्ताह के विश्राम के बाद तरोताजा महसूस कर रही होगी लेकिन टीम अपने घरेलू मैदान पर जुनूनी प्रशंसकों के सामने धोनी के धुरंधरों का सामना करने को लेकर अतिरिक्त दबाव में होगी।
6:08 PM MI vs CSK Live score- दोनों टीमों का स्क्वॉड
मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, टिम डेविड, डेवाल्ड ब्रेविस , तिलक वर्मा, ईशान किशन, ट्रिस्टन स्टब्स, विष्णु विनोद, कैमरून ग्रीन, अर्जुन तेंदुलकर, रमनदीप सिंह, शम्स मुलानी, रिले मेरेडिथ, नेहाल वढेरा, रितिक शोकीन, अर्शद खान, डुआन जेनसन, पीयूष चावला, कुमार कार्तिकेय, राघव गोयल, जोफ्रा आर्चर, जैसन बेहरेनडोर्फ, आकाश
चेन्नई सुपर किंग्स:
महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), डेवोन कॉनवे, रुतुराज गायकवाड़, अंबाती रायुडु, मोईन अली, बेन स्टोक्स, रविंद्र जडेजा, अजिंक्य रहाणे, सिसंडा मगाला, रवींद्र जडेजा, शिवम दुबे, ड्वेन प्रिटोरियस, अजय मंडल, निशांत सिंधु, राजवर्धन हैंगरगेकर, मिशेल सेंटनर, सुभ्रांशु सेनापति, सिमरजीत सिंह, मथिसा पथिराना, महीश तीक्षणा, भगत वर्मा, प्रशांत सोलंकी, शेख रशीद, तुषार देशपांडे।
5:51 PM MI vs CSK IPL live : मुंबई इंडियंस बनाम चेन्नई सुपर किंग्स
नमस्कार! इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 16वां सीजन शुरू हो चुका है। आईपीएल 2023 का 12वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में शनिवार को खेला जाएगा। मुंबई और चेन्नई के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है।