Love Kills 2 में दिखेगा अमरोहा हत्याकांड का खौफनाक सच,जानिए पूरा मामला | The horrifying truth of Amroha murder case will be seen in Love Kills | News 4 Social
अब एक बार फिर यूपी में अमरोहा हत्याकांड की शबनम की कहानी लोगों के दिलों में ताजा होने वाली है। क्योंकि डिस्कवरी प्लस की स्ट्रीमिंग सीरीज ‘लव किल्स’ के दूसरे सीजन में शबनम की खौफनाक कहानी दिखाई जाएगी। ‘लव किल्स : शबनम और सलीम अमरोहा हत्याकांड’ पर बने इस सीजन की कहानी में ये दिखाया जाएगा कि कैसे एक बेटी अपनी मोहब्बत के लिए अपने परिवार की ही कातिल बन बैठी।
बावनखेड़ी गांव, अमरोहा
रात 1 बजे , अचानक चीख रही युवती की तेज आवाज से आस-पास के लोगों की नींद टूट जाती है। लोग जैसे ही उसके घर में दाखिल होते हैं, तो चारों ओर खून और उससे लतपथ लाशें पड़ी देख हर किसी का दिल बैठ जाता है। परिवार के सात लोगों की लाशों के पास बैठ कर रो रही शबनम ने बताया कि घर में आए लुटेरों ने सभी की जान ले ली। वो बाथरूम में थी इसलिए बच गई।
परिवार के सात लोगों की हत्या
अमरोहा में हुआ ये भीषण हत्याकांड ना केवल पूरे इलाके बल्कि यूपी के साथ-साथ पूरे देश में चर्चा का विषय बन चूका था। यूपी पुलिस पर इस केस को सुलझाने का भारी दबाव था। हर किसी के जेहन में यही सवाल थे कि आखिर लुटेरे एक साथ परिवार के सात लोगों की हत्या क्यों करेंगे। सवाल ये भी था कि 11 महीने के बच्चे की जान लेकर भला लुटेरों को क्या मिलेगा। इससे बड़ा सवाल जो यूपी पुलिस को खाए जा रहा था कि आखिर घर में इतना सब होने के बाद, शबनम कैसे बच गई।
उलझनों में फंसी यूपी पुलिस
इन सवालों के उलझनों में फंसी यूपी पुलिस केस की गुत्थी को सुलझाने में ही जुटी थी। तभी लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल उठता देख मौजूदा मुख्यमंत्री मायावती अमरोहा पहुंचीं और शबनम को पांच लाख का चेक और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि अभी तक पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट नहीं आई थी। और यूपी पुलिस की जांच में शबनम पर शक गहराता जा रहा था।
घर के आंगन में मौत का खुला तांडव
केस की जांच कैसे आगे बढ़ी। इसे जानने पहले आपको बता दें कि आखिर उस रात क्या हुआ था। दरअसल, बावनखेड़ी गांव में रहने वाला शौकत एक कॉलेज में लेक्चरर था। जिनका एक बेटा एमबीए और दूसरा इंजीनियर था। शौकत की बड़ी बेटी शबनम भी पढ़ी लिखी थी। उसने इंग्लिश और भूगोल से डबल एमए कर रखा था। पढ़ा लिखा परिवार होने की बजह से पूरे गांव में इस परिवार की बड़ी इज्जत थी। लेकिन उस मनहूस रात इस परिवार पर आफत आई और घर के आंगन में मौत का खुला तांडव हुआ। जिसके पीछे घर की ही बेटी की वो ख्वाहिशें थीं, जिसने पूरे परिवार को लील लिया।
पांचवी फेल सलीम से हुआ शबनम को प्यार
शबनम को पांचवीं फेल सलीम से प्यार हो गया था। दोनों परिवार से छिप कर मिलने लगे थे। जब ये बात शबनम के घर वालों को पता चली तो। परिवार ने शबनम को समझाया लेकिन वो नहीं मानी। हालांकि शबनम ने भी परिवार को राजी करने की कोशिश की। लेकिन परिवार वाले भी जिद पर अड़े रहे। इस बीच शबनम प्रेग्नेंट भी हो चुकी थी। इसके बाद शबनम ने जो किया शायद ऐसा कोई बेटी सपने में भी सोच नहीं सकती। उसने पूरे परिवार को खत्म करने की ठानी। इसके लिए उसने अपने प्रेमी सलीम के साथ पूरी प्लानिंग की और सलीम से जहर मंगवाया।
कुल्हाड़ी से परिवार के 7 लोगों को काटा
दोपहर में शबनम के दोनों भाई शहर के लिए निकल चुके थे। लेकिन शबनम ने दोनों भाइयों को फोन करके वापस बुला लिया। भाइयों ने शबनम की बात मान ली और घर वापस आ गए। रात में खाना खाने के बाद शबनम ने सभी के लिए चाय बनाई और उसमें जहर मिला दिया। चाय पीते ही सभी की मौत हो गई। इसके बाद शबनम ने सलीम को फोन करके घर बुलाया। शबनम के कहने पर सलीम ने एक के बाद एक सभी पर कुल्हाड़ी से बेरहमी से वार किया। जाते वक्त सलीम ने कुल्हाड़ी तालाब में फेंक दी। तभी शबनम का फोन, फिर सलीम के पास आया। शबनम ने सलीम को वापस बुलाया कि ग्यारह महीने का उसका भतीजा जिंदा है, तब सलीम ने आने से मना कर दिया । इस पर शबनम ने अपने हाथों से अपने मासूम भतीजे की गला दबा कर हत्या कर दी। इसके बाद शबनम रोने का नाटक करने लगी। यही नहीं वो लगातार पुलिस को गुमराह करती रही।