UP Nikay Chunav में गठबंधन के साथ बीजेपी का मुकाबला करेगी सपा, अखिलेश यादव ने किया ऐलान
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि नगर निकाय चुनाव में समाजवादी पार्टी का भाजपा से सीधा मुकाबला है। भाजपा ने स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता को धोखा दिया है। नगरों में कूड़ा भरा पड़ा है। नालियों में गन्दगी है। सफाई नहीं है। सफाई न होने से नगरों में बड़े पैमाने पर डेंगू फैला। व्यापारी परेशान है। नगर निकाय चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी। वहीं ओलावृष्टि से किसानों की फसल बर्बाद हो गई उसके बाद भी सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है।
मंहगाई को लेकर अखिलेश ने योगी सरकार पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने महंगाई को लेकर भी योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी चरम सीमा पर है। दवाओं से लेकर खाने पीने की सब चीजों के दाम बढ़ गए हैं। बढ़ी महंगाई के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी से ध्यान हटाने के लिए नए-नए मुद्दे लाती है। एक अप्रैल से दवाइयां महंगी हो गयी। इलाज महंगा हो गया। लोगों को इलाज नहीं मिल रहा है। अस्पताल में दवाएं नहीं हैं। बेरोजगारी के मामले में भाजपा झूठ बोलती है। यूपी की नकली ग्रोथ रेट दिखाती है। झूठ को सच दिखाने के लिए 200 करोड़ रूपये खर्च कर अमेरिकी एजेंसी की मदद ली जा रही है।
अखिलेश बोले- बीजेपी है सबसे भ्रष्ट पार्टी
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सबसे बड़ी भ्रष्टाचारी पार्टी है। भाजपा ने पुलिस और अधिकारियों को भ्रष्टाचार की खुली छूट दे रखी है। भ्रष्टाचार से सरकार के अधिकारियों और कर्मचारियों की आय दोगुनी हो गयी है। किसान और आम जनता की आय घटती जा रही है।इसके साथ ही अखिलेश ने कहा कि सरकार के पास गेहूं खरीद की कोई तैयारी नहीं है। न बोरा है और न अन्य इंतजाम। किसानों के धान, आलू की खरीद नहीं हुई, अब गेहूं के साथ भी वही हाल होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हो गयी है। जब से भाजपा सरकार आयी है। डायबटीज, हार्ट अटैक, कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियां तेजी से फैली है।