Bihar Top 10 News: तमिलनाडु में बिहारियों पर हमले से खौफ में लोग, पूर्व सांसद मीना सिंह आज छोड़ेंगी JDU
Bihar Top 10 News Today: तमिलनाडु से बिहार लौट रहे मजदूरों ने अपनी आपबीती सुनाई है। उनका कहना है कि वहां के लोग उन्हें मार-पीट रहे हैं। वहीं, तमिलनाडु पुलिस ने बिहार सरकार से बातचीत में किसी भी तरह की हिंसा होने से इनकार कर दिया है। आरा से पूर्व सांसद मीना सिंह आज जेडीयू से इस्तीफा दे सकती हैं। पटना स्थित एनएमसी के डॉक्टर संजय कुमार रहस्यमयी ढंग से लापता हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पढ़ें बिहार की टॉप 10 खबरें-
हिंसा के डर से घरों में दुबक रहे, छिपकर ट्रेनों से आ रहे… तमिलनाडु से बिहार लौटे मजदूरों की आपबीती
तमिलनाडु में बिहारी मजदूरों से हिंसा के मामले पर राजनीति चरम पर है। तमिलनाडु सरकार ने हिंदी भाषी लोगों से हिंसा के आरोपों से नकार दिया है। हालांकि, वहां से घर लौट रहे डरे-सहमे लोगों ने जो आपबीती बताई है, वो सुनकर आपकी रूह कांप जाएगी। मजदूरों का कहना है कि लगातार हिंदी भाषी बिहारी मजदूरों पर हो रहे हिंसक हमलों की वजह से वे बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। स्थानीय लोग उन्हें पकड़-पकड़कर पूछ रहे हैं कि वे कहां से हैं, फिर तमिल में गालियां देकर उनके साथ बुरी तरह मारपीट कर रहे हैं। आलम यह है कि अब तमिलनाडु से मजदूरों ने वापस अपने गृह राज्य बिहार लौटना शुरू कर दिया है। वे ट्रेनों में छिप-छिपकर घर आ रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें।
पूर्व सांसद मीना सिंह आज JDU छोड़ेंगी, BJP में जाने की अटकलें
आरा से पूर्व सांसद मीना सिंह शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू से इस्तीफा देने जा रही हैं। उन्होंने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। इसमें वे अपने जेडीयू छोड़ने की घोषणा कर सकती हैं। इसके बाद उनके बीजेपी में जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। पिछले दिनों जेडीयू संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे उपेंद्र कुशवाहा ने भी पार्टी से इस्तीफा देकर नया दल बनाया था। पूरी खबर पढ़ें।
NMC के डॉक्टर रहस्यमयी ढंग से लापता, गांधी सेतु के पास मिली कार
राजधानी पटना स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज (एनएमसी) के फर्मोकोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉक्टर संजय कुमार बुधवार देर शाम रहस्यमयी ढंग से लापता हो गए। वे शाम करीब 7 बजे अपने घर से मुजफ्फरपुर स्थित एक कॉलेज का निरीक्षण करने की बात कहकर निकले। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया। पुलिस ने गुरुवार सुबह उनकी गाड़ी को गांधी सेतु के पास बरामद किया। डॉक्टर का मोबाइल और चश्मा कार में ही रखा था। पूरी खबर पढ़ें।
केंद्र अपनी योजनाओं का पूरा पैसा नहीं दे रहा, नीतीश सरकार का आरोप
नीतीश सरकार ने केंद्र पर योजनाओं के लिए पैसा नहीं देने का आरोप लगाया है। बिहार के वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि केंद्र से राशि नहीं मिलने के कारण राज्य की कई योजनाएं प्रभावित हुई हैं। करीब 30 हजार करोड़ रुपये नहीं मिले हैं। विधान परिषद में गुरुवार को प्रश्नकाल के दौरान महेश्वर सिंह के प्रश्न का जबाव देते हुए उन्होंने यह बात कही। पूरी खबर पढ़ें।
डॉक्टर और कारोबारियों के ठिकानों पर इनकम टैक्स का सर्वे, करोड़ों की टैक्स चोरी उजागर
आयकर विभाग की टीम ने पूर्णिया और सीवान में एक डॉक्टर समेत तीन अन्य व्यवसायियों के 15 से अधिक ठिकानों पर एक साथ सर्वे किया। इन सभी के पास करोड़ों की टैक्स में गड़बड़ी सामने आई है। पूर्णिया के जाने-माने हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. शफीक आलम की लाइन बाजार स्थित क्लिनिक और उनके हॉस्पिटल एडवांस ऑर्थोपेडिक एंड स्पाइन सेंटर में गुरुवार की दोपहर से सर्वे शुरू किया। पूरी खबर पढ़ें।
नागालैंड में चिराग की पार्टी लोजपा (आर) को मिली जीत, मनी होली
नागालैंड विधानसभा चुनाव में दो सीटों पर जीत के बाद लोजपा (रामविलास) ने एक साथ होली और दिवाली मनायी। पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश दफ्तर में जमकर जश्न मनाया। उन्होंने एक दूसरे को गुलाल लगाकर और मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। कार्यकर्ताओं ने खूब पटाखे भी छोड़े। वहीं रालोजपा अध्यक्ष व केन्द्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने कहा है कि त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय के चुनाव परिणाम से स्पष्ट है कि महागठबंधन देश से पूरी तरह से समाप्त होने की कगार पर है। पूरी खबर पढ़ें।
विपक्ष ने पूछा- बजट में प्रावधान ही नहीं, कहां से देंगे 4 लाख नौकरी
विधानसभा में बजट पर विमर्श के दौरान सत्ता पक्ष के साथ विपक्षी सदस्यों की खूब तकरार हुई। चर्चा के क्रम में सत्ता पक्ष के सदस्यों द्वारा बार-बार टोके जाने से विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा खासे नाराज हो गए। उसके बाद भाजपा सदस्य उग्र हो गए और उनकी वामदलों व कांग्रेस विधायकों के साथ नोक-झोंक हुई। हालांकि विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी के समझाने के बाद वे शांत हुए। इसके पहले विजय सिन्हा ने 2023-24 के बजट पर सरकार को घेरा और कहा कि इसमें भविष्य की कोई दृष्टि नहीं है। इसमें आंकड़ों की बाजीगरी की गयी है। रोजगार की घोषणा तो की गयी है लेकिन उसके लिए धन का कोई प्रावधान नहीं किया गया है। 4 लाख नौकरी कहां से देंगे? पूरी खबर पढ़ें।
ना गठबंधन, ना विपक्षी एकता, बीजेपी के सामने विपक्ष के सारे दांव नाकाम, कैसे बनेगा 2024 में नीतीश का काम?
पूर्वोत्तर भारत के तीन राज्यों त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड के विधानसभा चुनाव परिणाम देखकर बीजेपी उत्साहित है। नागालैंड में बीजेपी-एनडीपीपी गठबंधन को बहुमत मिल चुका है। वहीं त्रिपुरा के रुझानों में भी BJP+ को बहुमत मिल गया है। बीजेपी इसे 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से जोड़कर देख रही है। कहा जा सकता है कि बीजेपी के सामने विपक्ष के सारे हथकंडे फेल हो गए हैं। अब सवाल उठता है कि मिशन 2024 को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिस विपक्षी एकता की बात करते हैं, वह कितना कारगर साबित होगा। पूरी खबर पढ़ें।
तमिलनाडु पुलिस का बिहारी मजदूरों पर हमले से इनकार
तमिलनाडु में हुए बिहारियों पर हमले को लेकर बिहार पुलिस मुख्यालय ने चौंकाने वाला बयान दिया है। पुलिस मुख्यालय में एआईजी किम ने गुरुवार को मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि तमिलनाडु के पुलिस प्रमुख के साथ इस घटना पर बात हुई है। वहां के डीजीपी ने इस घटना का खंडन किया है। उन्होंने बताया कि दोनों वीडियो पुराना है। पहले वाले वीडियो में बिहार के एक मजदूर पर झारखंड के दूसरे मजदूर ने हमला कर दिया था। दूसरा मामला कोयम्बटूर के स्थानीय निवासियों से जुड़ा है। इस तरह के मामले से जुड़े वीडियो इंटरनेट पर वायरल करके अफवाह फैलाये जा रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें।
आफत : होली पर बिहार आने वाली ट्रेनें फुल, हवाई सफर हुआ दोगुना महंगा
होली के मौके पर घर जाने वालों की भीड़ है। दिल्ली से बिहार आने वाली ट्रेनों में जगह नहीं है। सभी ट्रेनें दो से तीन महीने पहले ही फुल हो चुकी हैं। ऐसे में लोगों को घर लौटने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है। विमान की टिकट भी ऐसे समय में दो से तीन गुना तक महंगी हो गई हैं। ऐसे में लोगों के लिए घर का सफर मुश्किल भरा रहने वाला है। पूरी खबर पढ़ें।