Sagar: मर्चुरी में चूहों ने फिर कुतरी शव की आंख, परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर मानव अंगों की तस्करी का लगाया आरोप
Jitendra Yadav | Lipi | Updated: 19 Jan 2023, 8:33 pm
मध्य प्रदेश के सागर के जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखे शव की चूहों ने आंख कुतर दी। मृतक के परिजनों ने जिला अस्पताल प्रबंधन पर आरोप लगाया कि प्रबंधन मानव अंगों की तस्करी कर रहा है। दरअसल, करीब 15 दिन पहले भी एक ऐसा ही मामला सामने आया था।
हाइलाइट्स
- अस्पताल की मर्चुरी में रखे शव की आंख चूहों ने कुतरी
- मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लगाए आरोप
- परिजनों ने मानव अंगों की तस्करी करने का आरोप लगाया
परिजनों ने शव देखा तो एक आंख गायब थी
जानकारी के मुताबिक सिविल थाना क्षेत्र स्थित किशोर न्यायालय के पीछे रहने वाला रमेश अहिरवार 15 जनवरी से लापता था। पुलिस को 16 जनवरी को रमेश घायल अवस्था में मिला था। जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। 17 जनवरी को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसके बाद शव को मर्चुरी के डी-फ्रीजर में रखा गया। डॉक्टरों का कहना था कि रमेश को मिर्गी की बीमारी थी, जिसके कारण उसकी मौत हुआ। शव की शिनाख्ती न होने के कारण दो दिन तक शव फ्रीजर में ही रखा रहा। गुरुवार सुबह जब परिजन शव की शिनाख्त करने मर्चुरी पहुंचे तो उसकी एक आंख गायब थी।
परिजनों को एक ही बार देखने दिया शव
प्रबंधन ने आनन-फानन में सिर्फ एक बार ही शव को देखने दिया, लेकिन जब परिजनों ने दूसरी बार शव को देखने की बात कही तो प्रबंधन के कर्मचारियों ने मना कर दिया। जिसके बाद पुलिस के हस्तक्षेप से शव को दोबारा दिखाया गया। जिसमें शव की एक आंख गायब थी। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर मानव अंगों की तस्करी के आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।
जिला अस्पताल प्रबंधन पर उठ रहे सवाल
वहीं मामले को लेकर प्रबंधन ने बताया कि मर्चुरी के डी-फ्रीजर में भी चूहे घुस गए और उन्होंने ही शव की आंख कुतर दी। काफी समझाइश के बाद परिजनों ने शव लिया और मर्चुरी से निकल गए। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर जिला अस्पताल प्रबंधन को सवालों के घेरे में ला दिया है।
4 जनवरी को हुआ था पहला हादसा
जिला अस्पताल की मर्चुरी से 4 जनवरी को भी आमेट गांव निवासी 32 वर्षीय मोती पिता बारेलाल गौंड के शव की आंख चूहों ने कुतर ली थी। जिसके बाद सीएमएचओ डॉ. ममता तिमोरी ने एक जांच समिति बनाई, लेकिन आज तक यह जांच समिति कोई रिपोर्ट पेश नहीं कर सकी। हालांकि इसके बाद अस्पताल के दोनों डी-फ्रीजर सुधरवाए गए। शवों को उसी में रखा जाना लगा, लेकिन फ्रिजर की अंदर भी शव की आंख गायब होने से अस्पताल की व्यवस्था पर कई सवाल उठ रहे हैं। बताया जाता है कि फ्रिजर के अंदर चूहों के दाखिल होने के निशान भी मिले हैं।
डी-फ्रीजर में रखने के बावजूद हुई घटना
मामले को लेकर जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ अभिषेक ठाकुर का कहना है कि मृतक की आंख को देखकर प्रथमदृष्टया तो चूहों ने शव की आंख कुतरी है, ऐसा मामला लग रहा है। शव को डी-फ्रीजर में रखा गया था, इसके बाद भी ऐसी घटना हो गई। हम मामले की पड़ताल कर रहे हैं। यदि कहीं व्यवस्था में गड़बड़ी है तो उसे तत्काल सुधारा जाएगा।
आसपास के शहरों की खबरें
Navbharat Times News App: देश-दुनिया की खबरें, आपके शहर का हाल, एजुकेशन और बिज़नेस अपडेट्स, फिल्म और खेल की दुनिया की हलचल, वायरल न्यूज़ और धर्म-कर्म… पाएँ हिंदी की ताज़ा खबरें डाउनलोड करें NBT ऐप