ये कैसी सनक? ‘फॉलोअर्स’ और ‘लाइक्स’ की होड़ में खूनी खेल, लड़की पर डबल मर्डर कराने का आरोप h3>
पुलिस अफसर के मुताबिक, घटना की जानकारी बुधवार देर रात करीब 12 बजे मिली। कॉलर ने बताया कि मुकुंदपुर पार्ट-2, बीस फुटा रोड, गली नंबर-14 के पास दो युवकों को चाकू मार दिया गया है। पुलिस मौके पर पहुंची। खून से लथपथ घायलों को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। दोनों की पहचान निखिल और साहिल के रूप में हुई। सूत्रों ने बताया कि निखिल आजादपुर मंडी में माल ढुलाई वाला टेंपो चलाता था। जबकि साहिल भी सब्जी मंडी में ही लेबर का काम करता था। निखिल और उसके माता-पिता पहले मुकुंदपुर पार्ट-2 में रहते थे। मगर, कुछ समय पहले ही निखिल का परिवार गाजियाबाद के अर्थला में शिफ्ट हो गया था। जबकि निखिल के चाचा अब भी मुकुंदपुर में ही रहते हैं, जहां निखिल का आना-जाना रहता था। जबकि साहिल गली नंबर-14 में रहता था, जहां आरोपी लड़की भी परिवार के साथ रहती है।
लाइक्स और फॉलोअर्स बढ़ाने की छिड़ी जंग
पुलिस सूत्रों ने बताया कि निखिल का ‘गाजियाबाद’ नाम से ही इंस्टाग्राम अकाउंट था और मुकुंदपुर में जहां वे रहते थे, उस गली के आसपास निखिल को उसके नाम से नहीं बल्कि निक नेम ‘गाजियाबाद’ कहकर ही बुलाया जाता था। दूसरी ओर, आरोपी लड़की भी अपना इंस्टाग्राम अकाउंट चलाती है। दोनों के फॉलोअर्स, लाइक्स और कमेंट्स करने वाले भी उसी एरिया और बस्ती के ही लड़के हैं। जिनमें कभी कोई लड़का निखिल के अकाउंट को फॉलो करता तो कोई दूसरा आरोपी लड़की के अकाउंट को फॉलो करने लगता। लड़की और निखिल के बीच इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स और लाइक्स की होड़ मची हुई थी। लड़की के घर के बगल में ही रहने वाला साहिल उसकी और उसकी फ्रेंडशिप व आसपास के लड़कों की एक-एक बात निखिल को शेयर कर देता था।
सबक सिखाने की तैयारी की, चैलेंज देकर बुलाया
सूत्रों के मुताबिक, बुधवार दोपहर को आरोपी लड़की ने निखिल को चैलेंज दिया था कि तू मुझे क्या समझता है, गली में आकर देख…। इसी बहस में निखिल ने चैलेंज स्वीकार करते हुए कहा कि मैं भी गाजियाबाद का हूं, आकर दिखाता हूं। निखिल और साहिल बुधवार शाम को पंजाबी बाग गए। वहां से दोनों रात को मुकुंदपुर गली नंबर-14 पहुंचे। जहां लड़की ने पहले से ही अपने नाबालिग भाई और अन्य लड़कों को हमला कर सबक सिखाने के लिए तैयार किया हुआ था। दोनों के पहुंचते ही उन्हें चाकू घोंप दिया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया, लड़की की कई लड़कों से फ्रेंडशिप है। लड़की की मां बीमार रहती है, जबकि पिता मजदूरी करते हैं। निखिल और साहिल के शवों का पोस्टमॉर्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है।