सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ बड़ी कामयाबी, 9 महीने में 1 करोड़ से ज्यादा किशोरियों को मिला HPV टीका
भारत ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। देश में चल रहे 'राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान' के तहत नौ महीने से भी कम समय में एक करोड़ से ज़्यादा किशोरियों को…
भारत ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। देश में चल रहे 'राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान' के तहत नौ महीने से भी कम समय में एक करोड़ से ज़्यादा किशोरियों को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) का टीका लगाया जा चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सफलता की सराहना की है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में इसे निवारक स्वास्थ्य सेवा की दिशा में एक अहम पड़ाव बताया। उन्होंने लिखा, "हर खुराक लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने और उनके लिए एक स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में एक कदम है। मैं उन सभी लोगों की सराहना करता हूं, जिनके प्रयासों से यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल हुई है।"
अभियान का लक्ष्य और प्रगति
यह राष्ट्रव्यापी अभियान फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर 14 वर्ष की किशोरियों को माता-पिता की सहमति से मुफ्त, स्वैच्छिक और सुरक्षित सिंगल-डोज एचपीवी टीकाकरण उपलब्ध कराना है। इस अभियान के लिए लगभग 1.2 करोड़ बच्चियों के टीकाकरण का वार्षिक लक्ष्य रखा गया था। अब तक इस लक्ष्य का करीब 87 प्रतिशत हासिल कर लिया गया है, जिसमें 1 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा (जेपी नड्डा) ने भी 21 नवंबर को 'एक्स' पर पोस्ट कर खुशी जाहिर की। उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय राज्यों, स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स और अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों को दिया।
अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, "गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार को 100 प्रतिशत कवरेज हासिल करने के लिए बधाई जबकि 12 राज्यों ने 80 प्रतिशत का आंकड़ा पार कर लिया है।" उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों और यू-विन प्लेटफॉर्म के जरिए मुफ्त टीकाकरण उपलब्ध होने से भारत सर्वाइकल कैंसर से मुक्त भविष्य की ओर बढ़ रहा है।
इनपुट: IANS



