5 हजार के लिए दिनदहाड़े महिला की गोली मारकर हत्या

5
5 हजार के लिए दिनदहाड़े महिला की गोली मारकर हत्या

5 हजार के लिए दिनदहाड़े महिला की गोली मारकर हत्या

5 हजार के लिए दिनदहाड़े महिला की गोली मारकर हत्या
गुस्साये लोगों ने अस्पताल मोड़ जाम कर किया हंगामा

सोहसराय थाना क्षेत्र के मंसूरनगर मोहल्ले की घटना

बकाया रुपया मांगने के कारण महिला की गयी जान

परिजनों का आरोप-ड्रग्स का धंधा करता है आरोपित

फोटो:

हत्या01-बिहारशरीफ के अस्पताल मोड़ को जाम करते नाराज लोग।

हत्या02-बिहारशरीफ सदर अस्पताल में रोते-बिलखते मृतका के परिजन।

बिहारशरीफ, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि।

सोहसराय थाना क्षेत्र के मंसूरनगर मोहल्ले में सोमवार को पांच हजार रुपये के लिए दिनदहाड़े महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। घटना के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। करीब एक घंटे तक पुलिस नहीं पहुंची तो नाराज लोगों ने अस्पताल मोड़ को जाम कर जमकर हंगामा किया। आरोपित दूर के रिश्ते में महिला का देवर लगता है।

मृतका की पहचान संतोष चौधरी की 30 वर्षीया पत्नी सुलेखा देवी के रूप में की गयी है। परिजनों की मानें तो महिला का रुपया आरोपित के पास बकाया था। रुपया मांगने पर खुन्नस में घटना को अंजाम दिया गया। मोहल्ले के लोगों को आरोप है कि आरोपित ड्रग्स का धंधा करता है। पुलिस ने आरोपित रमन चौधरी के पुत्र धर्मेन्द्र कुमार उर्फ धारो को गिरफ्तार कर लिया है।

पानी भर रही थी महिला:

परिजनों का कहना है कि आरोपित ने महिला से 20 हजार रुपये लिये थे। कुछ रुपये उसने वापस किये थे। करीब पांच हजार रुपये बकाया थे। महिला उससे रुपये मांगने गयी तो गाली-गलौज देकर उसने भगा दिया। इसके बाद महिला घर आयी और कुएं से पानी भर रही थी। उसी दौरान आरोपित वहां पहुंचा और महिला को गोली मारकर भाग निकला। लोगों ने जख्मी महिला को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप:

लोगों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद सोहसराय थाना को सूचना दी गयी। काफी देर तक पुलिस नहीं पहुंची। इसके बाद लोग शव को लेकर अस्पताल मोड़ पहुंच गये और जाम लगा दिया। सड़क पर लगे लोहे के बैरिकेड को गिरा दिया। वहां से गुजरने वाली दोपहिया समेत सभी गाड़ियों को रोक दिया। लोग आरोपित को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। सूचना पाकर बिहार थानाध्यक्ष रामशंकर सिंह दल-बल के साथ वहां पहुंचे। परिजनों को समझाकर शव सदर अस्पताल ले गये। उसके बाद सोहसराय थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची।

चार बच्चे हुए अनाथ:

महिला के चार छोटे-छोटे बच्चे हैं। मां की मौत के बाद सदर अस्पताल में चारों बच्चे पिता से लिपटकर रो रहे थे। स्थानीय लोगों की मानें तो पहले महिला और आरोपित में अच्छे संबंध थे। दुर्गा पूजा में दोनों ने एक साथ खाने-पीने का ठेला लगाया था। इस धंधे में महिला ने ही पूंजी लगायी थी। वही रुपया बकाया रह गया था। थानाध्यक्ष राजमणि ने देर से पहुंचने के आरोप को गलत बताया। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही वे पहुंच गये थे। परिजनों के फर्द ब्यान पर एफआईआर दर्ज की गयी है। आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस चाहती तो बच सकती थी महिला की जान

आरोपित के खिलाफ स्थानीय निवासी ने दिया था आवेदन

28 जून को युवक की नशे के कारण हुई थी मौत

बिहारशरीफ, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि।

28 जून को इसी मोहल्ले के बृजकिशोर प्रसाद के पुत्र रविकांत कुमार की मौत हुई थी। पिता ने नशा देकर हत्या करने का आरोप लगाकर थाने में आवेदन दिया था। इस आवेदन में धारो को भी आरोपित बनाया गया था। इस आवेदन पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों का कहना है कि उस मामले में पुलिस ने धारो को गिरफ्तार किया होता तो महिला की जान बच सकती थी।

बृजकिशोर प्रसाद ने बताया कि 27 जून को आरोपित उनके बेटे को बुलाकर ले गये थे। नशे की हालत में उसे घर पहुंचा दिया। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। 28 जून को उसकी मौत हो गयी। उन्होंने आरोप लगाया है कि नशे का इंजेक्शन देकर बेटे की हत्या की गयी थी। कई बार गुहार लगाने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की गयी। मोहल्ले में ड्रग्स का धंधा तेजी से फैल रहा है। इसकी चपेट में आकर युवा बर्बाद हो रहे हैं। रविकांत की मौत भी नशे के कारण ही हुई थी। शहर में बढ़ते ब्राउन शुगर के जाल को पुलिस अनदेखा कर रही है।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News