झारखंड: 240 से ज्यादा मामलों में वांछित 25 लाख का इनामी माओवादी कमांडर अजय महतो गिरफ्तार
झारखंड में माओवादी संगठन को एक बड़ा झटका लगा है। पुलिस और सुरक्षाबलों ने एक संयुक्त अभियान में 25 लाख रुपये के इनामी नक्सली और स्पेशल एरिया कमेटी (SAC) के शीर्ष कमांडर अजय महतो को गिरफ्तार कर लिया है…
झारखंड में माओवादी संगठन को एक बड़ा झटका लगा है। पुलिस और सुरक्षाबलों ने एक संयुक्त अभियान में 25 लाख रुपये के इनामी नक्सली और स्पेशल एरिया कमेटी (SAC) के शीर्ष कमांडर अजय महतो को गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, अजय महतो उर्फ टाइगर पर हत्या, IED ब्लास्ट और सुरक्षाबलों पर हमले जैसे 240 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।
गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने बताया कि यह गिरफ्तारी 17 जुलाई को एक खुफिया सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि खुखरा थाना क्षेत्र के हरलाडीह ओपी अंतर्गत जंगलों में कुछ नक्सली गतिविधियां हो रही हैं। इसी के आधार पर गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ की कोबरा-209 बटालियन ने मिलकर अभियान चलाया।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
सुरक्षाबलों ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं का इस्तेमाल करते हुए पिपराडीह गांव के खवासटांड़ टोला के पास घने जंगलों की घेराबंदी की। इसी घेराबंदी के दौरान अजय महतो को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, महतो की गिरफ्तारी झारखंड को नक्सल-मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
कौन है अजय महतो?
अजय महतो उर्फ मोछू उर्फ टाइगर साल 2005 से नक्सली संगठन में सक्रिय था। वह पारसनाथ, सारंडा और लुगू पहाड़ जैसे इलाकों में लंबे समय तक सक्रिय रहा। संगठन में उसकी भूमिका लेवी वसूलने, हथियार और विस्फोटक जुटाने के साथ-साथ बड़ी हिंसक घटनाओं की योजना बनाने की थी। उस पर पुलिस मुखबिरी के शक में लोगों की हत्या करने, सुरक्षाबलों पर घात लगाकर हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे कई गंभीर आरोप हैं।
आपराधिक रिकॉर्ड
अजय महतो के खिलाफ सिर्फ गिरिडीह जिले में ही 68 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, चतरा, रामगढ़ और सरायकेला जैसे कई अन्य जिलों में भी उस पर मुकदमे लंबित हैं। अधिकारियों का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से माओवादी नेटवर्क कमजोर होगा। इसी के साथ गिरिडीह पुलिस ने नक्सली संगठन से जुड़े अन्य लोगों से हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की अपील भी की है।
इनपुट: IANS



