HomeTop stories18 जून को बैतूल पहुंचेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु: ब्रह्मकुमारी कार्यक्रम में...
Advertising
<
18 जून को बैतूल पहुंचेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु: ब्रह्मकुमारी कार्यक्रम में शामिल होंगी, चार हेलीपैड बनाए, सुरक्षा में 1000 जवान होंगे तैनात – Betul News
18 जून को बैतूल पहुंचेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु: ब्रह्मकुमारी कार्यक्रम में शामिल होंगी, चार हेलीपैड बनाए, सुरक्षा में 1000 जवान होंगे तैनात – Betul News h3>
भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के 18 जून को प्रस्तावित बैतूल दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। राष्ट्रपति ब्रह्मकुमारी संस्था द्वारा आयोजित “आध्यात्मिक जागृति से जनजातीय समाज का सशक्तिकरण” कार्यक्रम में शामिल होंगी। प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने सभी व्यवस्थाएं समय पर और प्रोटोकॉल के अनुरूप करने के निर्देश दिए हैं। संभागायुक्त श्रीकांत बनोठ सहित अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। 10 किलोमीटर रूट पर ट्रैफिक डायवर्ट राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सबसे बड़ी चुनौती उन्हें हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक लगभग 10 किलोमीटर सड़क मार्ग से सुरक्षित पहुंचाना है। सुरक्षा कारणों से इस दौरान कई स्थानों पर यातायात को अस्थायी रूप से रोका या डायवर्ट किया जा सकता है। प्रशासन और पुलिस विभाग इसके लिए अलग-अलग रूट प्लान तैयार कर रहे हैं, ताकि आमजन को कम से कम असुविधा हो और राष्ट्रपति का काफिला समय पर कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सके।
चार हेलीपैड बनाए जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए बैतूल बाजार क्षेत्र में टोल नाके से पहले मिलानपुर के पास चार हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं। इनमें तीन हेलीपैड राष्ट्रपति के काफिले के लिए तथा एक राज्यपाल के लिए प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के लिए अलग से न्यू बैतूल पुलिस ग्राउंड या किसी अन्य स्थल पर हेलीपैड बनाए जाने पर भी विचार किया जा रहा है। सुरक्षा मानकों के अनुसार हेलीपैड के 350 मीटर के दायरे में कोई ऊंची बाधा नहीं होनी चाहिए, इसी कारण स्थल चयन और निर्माण कार्य में विशेष सावधानी बरती जा रही है। प्रारंभिक चर्चा में लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम के पास हेलीपैड की संभावना पर विचार हुआ था, लेकिन तकनीकी और सुरक्षा कारणों से इसे उपयुक्त नहीं माना गया। चार हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही राष्ट्रपति के कार्यक्रम के लिए लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में लगभग चार हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। अब तक करीब तीन हजार लोगों का पंजीयन हो चुका है, जिनमें लगभग 2400 जनजातीय समाज के प्रतिनिधि शामिल हैं। शहर के गणमान्य नागरिकों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रवेश केवल पासधारकों को ही मिलेगा। एक हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिले में लगभग एक हजार पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए जाएंगे। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया जा रहा है। पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के बीच लगातार समन्वय बैठकों का दौर जारी है। कार्यक्रम के मंच की रूपरेखा भी राष्ट्रपति भवन को अनुमोदन के लिए भेजी गई है। प्रस्तावित डायस प्लान के अनुसार मंच पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास (डी.डी.) उइके तथा ब्रह्मकुमारी संस्था की तीन वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहेंगी। अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद मंच व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जाएगा। मुख्य सचिव अनुराग जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन किया जाए। उन्होंने हेलीपैड, सुरक्षा, भोजन, आवागमन, चिकित्सा, पेयजल, स्वच्छता, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी सहित सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रपति के स्टाफ और सुरक्षा अधिकारियों के ठहरने की व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रशासन का दावा है कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएंगी और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाकर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।