स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए गांधी मैदान सज-धजकर तैयार

3
स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए गांधी मैदान सज-धजकर तैयार

स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए गांधी मैदान सज-धजकर तैयार

स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए गांधी मैदान सज-धजकर तैयार है। राजकीय समारोह में करीब 30 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन की ओर से समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं। बुधवार को प्रमंडलीय आयुक्त कुमार रवि ने शाम चार बजे गांधी मैदान का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। राजकीय समारोह के लिए आमंत्रित अतिथियों से गुरुवार की सुबह 8.30 बजे तक गांधी मैदान में स्थान ग्रहण करने का अनुरोध किया गया है। ब्रजकिशोर पथ (एक्जीबिशन रोड) के सामने रामगुलाम चौक के पास स्थित गांधी मैदान के दक्षिण मुख्य द्वार गेट संख्या 10 से विशिष्ट अतिथियों का प्रवेश होगा। वहीं आम दर्शकों गेट नं. 4, 5, 6 और 7 से गांधी मैदान में प्रवेश करेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक के सामने स्थित गांधी मैदान के दक्षिण स्थित गेट संख्या 9 से मीडियाकर्मियों का प्रवेश होगा।

60 स्थलों से पूरे गांधी मैदान पर रखी जाएगी नजर

सुरक्षा को लेकर भी पूरी तैयारी कर ली गई है। गांधी मैदान के अंदर और बाहर 128 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पटना स्मार्ट सिटी के इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेन्टर से निगरानी की जाएगी। गांधी मैदान में अस्थायी नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। गांधी मैदान को चार सेक्टर एवं आवश्यकतानुसार सब- सेक्टर में विभाजित किया गया है। सेक्टर में अपर जिला दंडाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक को वरीय प्रभार में रखा गया है। गांधी मैदान और कारगिल स्मृति चौक में विधि-व्यवस्था के लिए कुल 60 विभिन्न स्थानों पर 98 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल 15 अगस्त की सुबह 6 बजे अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंच जाएंगे। तब तक मुस्तैद रहेंगे जब तक मैदान से भीड़ चली न जाए।

30 हजार दर्शकों के बैठने की है व्यवस्था

लगभग साठ हजार वर्ग फीट में दर्शक दीर्घा के ऊपर शेड का निर्माण किया गया है। स्वतंत्रता दिवस के राजकीय समारोह में करीब 30,000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इससे दर्शकों को बदलते मौसम में गर्मी तथा बरसात से राहत मिलेगी। बारिश होने पर भी दर्शकों को कोई परेशानी नहीं होगी। 15 अगस्त को महादलित समुदाय के गांवों, टोलों में विशेष समारोह का आयोजन होगा। यहां महादलित समुदाय के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति द्वारा झंडोत्तोलन किया जाएगा।

राजकीय समारोह में 13 झांकियां दिखाई जाएगी

गांधी मैदान में इस बार 13 झांकियां दिखाई जाएगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर गांधी मैदान में सरकार के विकासात्मक और लोक कल्याणकारी योजनाओं, समाज सुधार अभियान तथा महिला सशक्तीकरण कार्यक्रमों को झांकियों के द्वारा दिखाया जाएगा। इस बार झांकी की तैयारी के लिए पंडाल का निर्माण गांधी मैदान में किया गया है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से झांकी की संरचना की ऊंचाई अधिकतम 15 फीट निर्धारित की गई है। झांकियों के गांधी मैदान में प्रवेश के पूर्व एंटी-सैबोटाज जांच सुनिश्चित की जाएगी।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News