सीवान में दो स्टूडेंट्स के बीच विवाद,एक को लगी गोली: कोचिंग से लौटते वक्त हादसा, हालत गंभीर होने पर पटना रेफर; 2 आरोपी अरेस्ट – Siwan News h3>
सीवान के गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र में बुधवार की देर शाम छात्रों के बीच हुआ मामूली विवाद हिंसा में बदल गया। सिसई महुआ टोला गांव के पास दो गुटों के छात्रों के बीच कहासुनी के बाद फायरिंग हो गई।
.
गोली लगने से एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके से दो युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
कोचिंग से लौटते वक्त हुआ विवाद
घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, घायल छात्र की पहचान सिसई महुआ टोला निवासी सुजीत कुमार (पिता – राजकिशोर यादव) के रूप में हुई है। सुजीत बुधवार शाम हुस्सेपुर स्थित एक कोचिंग संस्थान से पढ़ाई कर अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में गांव के ही कुछ युवकों से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। बताया जाता है कि बात इतनी बढ़ी कि दोनों गुटों के बीच मारपीट की नौबत आ गई।
घर लौटने के बाद फिर हुई फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के बाद सुजीत घर पहुंचा और अपने परिजनों को पूरी बात बताई। जब परिजन पूछताछ के लिए बाहर निकले, तभी रास्ते में सामने से आ रहे तीन युवकों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। दो गोलियां सुजीत को लगीं, जिससे वह मौके पर गिर पड़ा। गोली लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर दौड़े और किसी तरह घायल छात्र को उठाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
गंभीर स्थिति में सिवान से पटना रेफर
डॉक्टरों ने सुजीत को प्राथमिक उपचार के बाद सिवान सदर अस्पताल भेजा। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसकी स्थिति गंभीर बताते हुए तत्काल पटना रेफर कर दिया। परिवार के लोग उसे एम्बुलेंस से पटना के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज जारी है।
ग्रामीणों ने दो आरोपियों को दबोचा
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए फायरिंग करने पहुंचे तीन युवकों में से दो को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। मौके पर पहुंची गोरेयाकोठी थाना पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। वहीं तीसरा युवक मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी बोले – “दो गुटों का आपसी विवाद”
थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला दो छात्र गुटों के बीच हुए आपसी विवाद का लग रहा है। फिलहाल दो आरोपियों से पूछताछ चल रही है। उन्होंने कहा कि “घटना के पीछे की वास्तविक वजह पता करने के लिए पुलिस हर कोण से जांच कर रही है। फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।”
गांव में तनाव, सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। देर रात तक पुलिस बल गांव में डेरा जमाए रही। ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके। पुलिस ने आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी है। वहीं, ग्रामीणों में दहशत है कि मामूली झगड़ा गोलीबारी में कैसे बदल गया।
कोचिंग सेंटरों के छात्रों में बढ़ रहा है झगड़ा”
गांव के कुछ लोगों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से हुस्सेपुर और आसपास के क्षेत्रों में संचालित कोचिंग संस्थानों के छात्रों के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर झगड़े बढ़े हैं। कई बार बात अभद्रता से शुरू होकर हाथापाई तक पहुंच जाती है। स्थानीय प्रशासन से लोगों ने मांग की है कि ऐसे कोचिंग सेंटरों की निगरानी बढ़ाई जाए ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस की कार्रवाई तेज
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान घटना में प्रयुक्त हथियार के बारे में जानकारी ली जा रही है। पुलिस ने घायल के परिजनों का बयान दर्ज कर लिया है और एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। सूत्रों की मानें तो इस मामले में दो नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया जा सकता है।
माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल
पटना रेफर किए गए छात्र सुजीत कुमार के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता राजकिशोर यादव ने बताया कि “मेरा बेटा पढ़ने में अच्छा है, कभी किसी से झगड़ा नहीं करता था। गांव के ही कुछ लड़के उसे आए दिन तंग करते थे। आज तो जान ही लेने पर तुल गए।” उन्होंने आरोप लगाया कि घटना की वजह पुरानी रंजिश हो सकती है।
