सिद्धार्थनगर में सपा ने कलेक्ट्रेट गेट जाम किया: शोहरतगढ़ में बैलगाड़ी से मार्च निकाला, मंहगाई-नीट पेपर लीक पर विरोध जताया – Siddharthnagar News

0
सिद्धार्थनगर में सपा ने कलेक्ट्रेट गेट जाम किया:  शोहरतगढ़ में बैलगाड़ी से मार्च निकाला, मंहगाई-नीट पेपर लीक पर विरोध जताया – Siddharthnagar News

सिद्धार्थनगर में सपा ने कलेक्ट्रेट गेट जाम किया: शोहरतगढ़ में बैलगाड़ी से मार्च निकाला, मंहगाई-नीट पेपर लीक पर विरोध जताया – Siddharthnagar News


सिद्धार्थनगर में समाजवादी पार्टी (सपा) ने सोमवार को जिले में भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष एवं इटवा विधायक माता प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला। शोहरतगढ़ में सपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी उग्रसेन प्रताप सिंह ने बैलगाड़ी मार्च का नेतृत्व किया। यह प्रदर्शन महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, किसानों की समस्याओं और नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर किया गया। जिला मुख्यालय पर सपा कार्यालय से शुरू हुआ जुलूस कलेक्ट्रेट पहुंचते-पहुंचते एक विशाल प्रदर्शन में बदल गया। इसमें नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, डुमरियागंज विधायक सैय्यदा खातून, जिलाध्यक्ष लालजी यादव और वरिष्ठ सपा नेता विजय चौधरी सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में झंडे और बैनर लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए। उन्होंने भाजपा सरकार पर जनता से किए गए वादे पूरे न करने, महंगाई पर नियंत्रण न कर पाने, युवाओं को रोजगार न देने और किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद प्रदर्शन और तेज हो गया। सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य प्रवेश द्वार के एक हिस्से को लगभग आधे घंटे तक जाम रखा। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए, जबकि कई सड़क पर लेटकर नारेबाजी करते रहे। कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट के बाहर काफी देर तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को स्थिति नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया। शोहरतगढ़ में भी सपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी उग्रसेन प्रताप सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी पर सवार होकर सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। दोनों स्थानों पर प्रशासन पूरे समय अलर्ट मोड पर रहा। सपाइयों ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा
प्रदर्शन के दौरान नीट परीक्षा पेपर लीक का मुद्दा प्रमुख रहा। सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि परीक्षा घोटालों ने युवाओं का भविष्य अंधकारमय बना दिया है। सपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संबोधित 13 सूत्रीय ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन में डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ी कीमतें वापस लेने, महंगाई पर नियंत्रण करने, अघोषित बिजली कटौती बंद करने, बिजली दरों में हुई वृद्धि वापस लेने, किसानों को खाद, बीज और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग की गई। इसके अलावा नीट पेपर लीक मामले के दोषियों पर कठोर कार्रवाई, कानून-व्यवस्था में सुधार, भ्रष्टाचार पर अंकुश, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न पर रोक तथा रिक्त आरक्षित पदों पर भर्ती की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। ज्ञापन में जनपद के कई स्थानीय मुद्दों को भी शामिल किया गया। सपा नेताओं ने लोटन थाना क्षेत्र के चर्चित संदीप यादव हत्याकांड में न्याय की मांग करने वालों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की। साथ ही खेसरहा थानाध्यक्ष को हटाने, सोनखर, हाटा, भंवारी और अजमागढ़ बांध पर किसानों की जमीन से मिट्टी निकालकर किए गए नुकसान का मुआवजा देने तथा धौरीकुइयां-महदेवा मार्ग निर्माण के दौरान प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग भी की।
उधर, शोहरतगढ़ में भी समाजवादी पार्टी का विरोध प्रदर्शन पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी उग्रसेन प्रताप सिंह बैलगाड़ी पर सवार होकर कार्यकर्ताओं के साथ कस्बे की सड़कों पर निकले। बैलगाड़ी यात्रा के माध्यम से उन्होंने किसानों और ग्रामीण जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। शोहरतगढ़ कस्बे के प्रमुख मार्गों से निकले जुलूस में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। पूरे मार्ग पर सरकार विरोधी नारे गूंजते रहे और प्रदर्शन देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। शोहरतगढ़ में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। जुलूस मार्गों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अधिकारियों ने पूरे कार्यक्रम की निगरानी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार के शासन में आम जनता, किसान, नौजवान, व्यापारी और मजदूर सभी परेशान हैं। महंगाई ने जनता की कमर तोड़ दी है, बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और किसान खाद, बीज तथा सिंचाई की समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता की आवाज को दबने नहीं देगी और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष लगातार जारी रहेगा। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar Pradesh News